दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि ये युवक देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे. हालांकि उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोज लिया. इन चारों आरोपियों को अलग-अलग राज्यों महाराष्ट्र, ओडिशा और बिहार से गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के पास से IED बनाने का सामान और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है.

पुलिस के मुताबिक ये सभी युवक कट्टरपंथी सोच से प्रभावित थे और नफरत करने के मकसद से काम कर रहे थे. बताया जा रहा है कि ये लोग गजवा-ए-हिंद जैसे खतरनाक विचारों को बढ़ावा दे रहे थे और इसके लिए दूसरों को भी उकसा रहे थे, ताकि अपने नापाक मंसूबों को पूरा कर सकें.

स्पेशल सेल की एनडीआर टीम ने इंस्पेक्टर विनय पाल और मनोज कुमार के नेतृत्व में, एसीपी आशीष कुमार की निगरानी में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया. इस दौरान एक आरोपी के पास से आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद किया गया, जबकि सभी आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोसाइब अहमद उर्फ सोनू उर्फ कलाम (ठाणे), मोहम्मद हम्माद (मुंबई), शेख इमरान (भुवनेश्वर) और मोहम्मद सोहेल (कटिहार) के रूप में हुई है.

संवेदनशील स्थानों की कर चुके थे रेकी

पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बने ग्रुप्स के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में थे और युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित कर रहे थे.जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी हम्माद और मोसाइब आईईडी बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर सामग्री जुटा रहे थे। मोसाइब ने एक रिमोट कंट्रोल कार के सर्किट में बदलाव कर आईईडी बनाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद की थी.

वहीं शेख इमरान ने दिल्ली आकर रेड फोर्ट और इंडिया गेट जैसे संवेदनशील स्थानों की रेकी भी की थी और ग्रुप में हथियार प्रशिक्षण की व्यवस्था कराने का दावा किया था.मोहम्मद सोहेल सोशल मीडिया के जरिए लोगों को भड़काने और फंड जुटाने में सक्रिय था. उसने अपने बैंक अकाउंट और क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे इकट्ठा करने की कोशिश की.

डीसीपी स्पेशल सेल प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि यह मॉड्यूल देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी में था. समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी साजिश को नाकाम किया गया है. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है.

BNS 2023 की धाराओं के तहत मामला दर्ज

चारों आरोपी साधारण परिवारों से आते हैं और ज्यादातर 10वीं तक पढ़े हुए हैं. जांच में पता चला कि इनमें से कोई मैकेनिक है, कोई सिक्योरिटी गार्ड, तो कोई प्लंबर का काम करता है. जानकारी के मुताबिक सोशल मीडिया और कट्टरपंथी भाषणों के प्रभाव में आकर ये लोग गलत रास्ते पर चल पड़े और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हो गए. स्पेशल सेल ने इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m