गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। गिरिडीह-बेंगाबाद मुख्य मार्ग पर सिहोडीह आम बगान के पास तेज रफ्तार मालवाहक पिकअप और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई।
तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, सिहोडीह आम बगान के समीप बाइक और पिकअप की सीधी भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार विकास यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। विकास की उम्र करीब 20 वर्ष थी और वह हीरोडीह थाना क्षेत्र के चुंगलखार गांव निवासी चोबा यादव का पुत्र था।वहीं हादसे में करीब 22 वर्षीय शशिकांत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। शशिकांत सरिया का रहने वाला बताया गया है।
सदर अस्पताल से धनबाद किया गया रेफर
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल शशिकांत को आनन-फानन में गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।
धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में ही शशिकांत ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

