गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह शहर से सटे अजीडीह में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब महादेव त्रिवेदी नाम का युवक अपने चार साल के बेटे को लेकर करीब 120 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। टंकी के ऊपरी हिस्से पर पहुंचकर युवक बच्चे को नीचे फेंकने और खुद भी कूदने की धमकी देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

बच्चे को लेकर टंकी पर चढ़ा युवक, मचा हड़कंप

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, युवक पानी की टंकी के ऊपरी हिस्से पर अपने चार साल के बेटे के साथ बैठा था। इस दौरान वह बच्चे को टंकी की रेलिंग पर चढ़ाकर नीचे फेंकने की धमकी दे रहा था। साथ ही खुद भी कूदने की बात कह रहा था।

युवक की इस हरकत को देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने उसे समझाने और नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन को घटना की सूचना दी।

पुलिस और प्रशासन ने तीन घंटे तक की मशक्कत

सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन ने एसआई शैलेंद्र कुमार को मौके पर भेजा। अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया।

करीब तीन घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद एसआई शैलेंद्र कुमार टंकी पर चढ़े और युवक व उसके बेटे को सुरक्षित नीचे उतार लिया। दोनों के सुरक्षित नीचे आने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

पारिवारिक जमीन विवाद बना वजह

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ा था। घटना के बाद टंकी के पास एक पेड़ के नीचे युवक के गोतिया और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में बातचीत कराई गई। इस दौरान पारिवारिक जमीन विवाद को सुलझाने का प्रयास किया गया।

घटना के दौरान मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस और प्रशासन की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

जमीन विवाद सुलझाने का प्रयास जारी: अंचलाधिकारी

अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद ने बताया कि पारिवारिक जमीन विवाद के कारण युवक अपने बच्चे के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गया था। युवक और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। विवाद का समाधान निकालने के लिए आगे की बातचीत और प्रयास किए जा रहे हैं।