गिरिडीह। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा दी है। हावड़ा से खातीपुरा (जयपुर) के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन संख्या 03007/03008 का परिचालन किया जाएगा। खास बात यह है कि इस ट्रेन का ठहराव न्यू गिरिडीह स्टेशन पर भी होगा, जिससे जिले के यात्रियों को त्योहारों के दौरान काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
11 अक्टूबर से शुरू होगा परिचालन
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, ट्रेन संख्या 03007 हावड़ा-खातीपुरा साप्ताहिक स्पेशल 11 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक कुल 8 ट्रिप चलेगी। यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को रात 11:55 बजे हावड़ा से रवाना होकर मंगलवार को सुबह 11:30 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 03008 खातीपुरा-हावड़ा साप्ताहिक स्पेशल 13 अक्टूबर से 1 दिसंबर 2026 तक कुल 8 ट्रिप चलेगी। यह प्रत्येक मंगलवार को शाम 6:30 बजे खातीपुरा से रवाना होकर गुरुवार सुबह 5:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
न्यू गिरिडीह समेत इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
स्पेशल ट्रेन का परिचालन बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, न्यू गिरिडीह, जमुआ, कोडरमा, गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, सुबेदारगंज, गोविंदपुरी, इटावा, फतेहाबाद, आगरा कैंट, भरतपुर, बांदीकुई और दौसा स्टेशनों के रास्ते होगा।ट्रेन में 4 थर्ड एसी, 10 स्लीपर, 6 सामान्य श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बों समेत कुल 22 कोच होंगे।
त्योहारों में घर लौटने वाले यात्रियों को राहत
कोडरमा सांसद प्रतिनिधि और पूर्वी रेलवे के ZRUCC सदस्य मुकेश जालान ने बताया कि हावड़ा-खातीपुरा स्पेशल ट्रेन प्रत्येक रविवार रात 11:55 बजे हावड़ा से रवाना होकर सोमवार सुबह करीब 5:53 बजे न्यू गिरिडीह पहुंचेगी। वापसी में खातीपुरा-हावड़ा स्पेशल मंगलवार रात करीब 10:20 बजे न्यू गिरिडीह से रवाना होगी।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह स्पेशल ट्रेन काफी उपयोगी साबित होगी। न्यू गिरिडीह में ठहराव से दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान घर आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
मुकेश जालान ने इस रेल सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी के प्रति आभार जताया।

