गिरिडीह। भाजपा सांसद और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी ने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ देश के विकास में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश के युवा 2047 तक भारत को विकसित बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। छात्र पढ़ाई-लिखाई पर ध्यान दें और समाज में फैल रही गलत भ्रांतियों से दूर रहें। सांसद ने ये बातें भाजपा नेता विनोद सिन्हा के आवास पर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के बाद कहीं।

‘यूजीसी लागू ही नहीं, फिर रोल बैक किसका?’

मनोज तिवारी ने कहा कि इन दिनों जब वे ‘यूजीसी रोल बैक’ जैसी बातें सुनते हैं, तो उनका कहना है कि यूजीसी लागू ही नहीं हुआ है, ऐसे में रोल बैक किस चीज का किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग युवाओं को बहकाने का प्रयास कर रहे हैं।

सांसद ने युवाओं से ऐसे भ्रामक प्रचार से बचने और देश, झारखंड तथा गिरिडीह को 2047 तक विकसित बनाने में योगदान देने की अपील की।

प्रदर्शन को लेकर भी मनोज तिवारी ने दिया बयान

प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा कि झारखंड में प्रोटेस्ट पर रोक है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में छात्रों के साथ मारपीट की गई, जबकि दिल्ली में प्रदर्शन की अनुमति दी जाती है।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक के बाद दिल्ली में बड़े स्तर पर प्रदर्शन हुआ था। मनोज तिवारी के मुताबिक, प्रदर्शन का अधिकार मांगने वालों ने उस दौरान निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया। उन्होंने कहा कि संविधान और तय नियमों के तहत प्रदर्शन की अनुमति मांगे जाने पर संबंधित प्रक्रिया के अनुसार अनुमति दी जाती है।

गिरिडीह उपचुनाव के प्रत्याशी को लेकर क्या बोले?

गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के संभावित प्रत्याशी को लेकर पूछे गए सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा में करोड़ों कार्यकर्ता हैं और कई लोग टिकट के लिए प्रयास करते हैं। हालांकि, पार्टी जिस व्यक्ति को उम्मीदवार बनाती है, उसके साथ संगठन और कार्यकर्ता खड़े रहते हैं।

भाजपा नेता विनोद सिन्हा के संदर्भ में उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी या स्थान मिलेगा।

विनोद सिन्हा के आवास पर की मां दुर्गा की पूजा

इससे पहले भाजपा सांसद मनोज तिवारी और अभिनेत्री सौंदर्या शर्मा गिरिडीह पहुंचे। दोनों ने भाजपा नेता विनोद सिन्हा के आवास पर पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। विधि-विधान से पूजा कर उन्होंने माता रानी का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।