चंकी बाजपेयी, इंदौर। इंटरनेट के दौर में सोशल मीडिया पर युवाओं के बीच दोस्ती और दुश्मनी अक्सर हो जाती है। लेकिन यही सोशल मीडिया बदले की आग में हथियार बन जाए तो ये लोगों को क्रिमिनल भी बना देती है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है इंदौर से जहां दो सहेलियों के बीच विवाद के बाद एक युवती ने फर्जी आईडी बनाकर अपनी फ्रेंड को अश्लील मैसेज भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
पूरा मामला खजराना थाना क्षेत्र का है जहां रहने वाली छात्रा ने अज्ञात युवती के खिलाफ उसके नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाया। युवती उसे लगातार अश्लील मैसेज भेजने लगी और उस पर वीडियो अपलोड करने लगी। आरोपी छात्रा पूर्व क्लासमेंट को आवाज बदलकर ऑडियो कॉल के जरिए धमकियां भी दे रही थी। पीड़िता की शिकायत पर पहले साइबर पुलिस ने जांच की, जिसके बाद मामला थाने पहुंचा।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता और आरोपी छात्रा रिया तीन साल तक एक ही स्कूल में साथ पढ़ चुकी हैं। करीब तीन महीने पहले पीड़िता की सगाई हुई थी। इसके बाद उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर एक फर्जी अकाउंट से अश्लील और आपत्तिजनक संदेश आने शुरू हो गए। युवती जब इससे परेशान हो गई तो उसने साइबर पुलिस में इसकी शिकायत की।
पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की तो पता चला कि उसकी ही दोस्त सोशल मीडिया अकाउंट चला रही है। जब पुलिस ने छात्रा से पूछताछ की तो उसने बताया कि पिछले दिनों दोनों के बीच में पढ़ाई के दौरान विवाद हो गया था। इसी कारण उसने छात्रा के नाम से एक सोशल मीडिया अकाउंट बना लिया और उस पर वीडियो अपलोड करने लगी।एसीपी आशीष पटेल के मुताबिक इस मामले में आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


