अजय सैनी ,भिवानी। स्थानीय महम गेट स्थित पंडित सीताराम शास्त्री गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। बास्केटबॉल और क्रिकेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के सम्मान में स्कूल परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
विद्यालय की प्राचार्या सोनिया कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्राओं ने विभिन्न राज्यों में आयोजित प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। छात्रा लक्षिता ने अंडर-17 और अंडर-19 बास्केटबॉल लीग में गुरुग्राम, चंडीगढ़ और नई दिल्ली में आयोजित मुकाबलों में 3 स्वर्ण पदक जीतकर विशेष उपलब्धि दर्ज की।
मुदिल ने अंडर-19 क्रिकेट चैंपियनशिप में सेकंड रनर-अप की जीती ट्रॉफी
वहीं सुहानी ने अपनी टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक अपने नाम किए। कक्षा 6वीं की छात्रा मुदिल ने अंडर-19 क्रिकेट चैंपियनशिप में सेकंड रनर-अप ट्रॉफी जीतकर सभी को प्रभावित किया।
खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं
समारोह के दौरान हरियाणा शोखावटी ब्रह्मचार्य आश्रम समिति के प्रशासक शुकदेव मुनि ने छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि बेटियां अवसर मिलने पर हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं।
प्राचार्या सोनिया कौशिक ने कहा कि विद्यालय को अपनी छात्राओं की इस उपलब्धि पर गर्व है। स्कूल प्रशासन शिक्षा और खेल के बीच संतुलन बनाकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
समारोह के अंत में विजेता छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच, शिक्षकों और अभिभावकों को दिया।

