Glenn Maxwell Retirement: क्रिकेट जगत से बड़ी खबर सामने आई है। ‘बिग शो’ के नाम से मशहुर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने 38 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया के लिए उनका 14 साल का शानदार सफर खत्म हो गया। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी, उपयोगी ऑफ स्पिन और शानदार फील्डिंग के दम पर मैक्सवेल ने व्हाइट-बॉल क्रिकेट में अलग पहचान बनाई। उन्हें दुनिया के सबसे खतरनाक सीमित ओवरों के खिलाड़ियों में गिना जाता रहा है।

MCG पर विदाई मैच न खेल पाने का रहेगा मलाल
मैक्सवेल ने ‘द फाइनल वर्ड’ पॉडकास्ट पर अपने संन्यास की घोषणा की। उन्होंने साफ किया कि ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट की ओर से उन पर संन्यास लेने का कोई दबाव नहीं था। हालांकि, उन्हें इस बात का मलाल जरूर रहेगा कि वह मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर अपना विदाई मैच नहीं खेल पाए।

मैक्सवेल ने कहा, “मुझे लगता है कि छोटी-सी उम्मीद या चर्चा थी कि मुझे शायद मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में एक विदाई मैच मिल सकता है। लेकिन मैं पूरी तरह समझ सकता हूं कि वे इस स्क्वाड के साथ किस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”

उन्होंने यह भी माना कि आने वाले एक-दो साल में ऑस्ट्रेलियाई टीम में काफी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। साल 2028 में होने वाले ओलंपिक को देखते हुए अगले 12 से 24 महीनों में टीम के भीतर नए खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है। एक सीनियर खिलाड़ी होने के नाते मैक्सवेल भी मानते हैं कि युवा खिलाड़ियों को इंटरनेशनल क्रिकेट का अनुभव मिलना जरूरी है। यह अनुभव सिर्फ बिग बैश लीग (BBL) में खेलने से नहीं मिल सकता।
2012 में किया था इंटरनेशनल डेब्यू
ग्लेन मैक्सवेल ने साल 2012 में ऑस्ट्रेलिया के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और मैदान पर अलग अंदाज के चलते उन्होंने कम समय में ही क्रिकेट जगत में पहचान बना ली। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 149 वनडे मैच खेले और 3,990 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 23 अर्धशतक निकले। वनडे में उनका स्ट्राइक रेट 126.71 रहा।

मैक्सवेल की सबसे यादगार पारियों में 2023 वनडे वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई नाबाद 201 रन की पारी शामिल है। मुश्किल हालात में खेली गई इस पारी ने ऑस्ट्रेलिया को यादगार जीत दिलाई थी।
टी20 इंटरनेशनल में भी रहा मैक्सवेल का जलवा
मैक्सवेल सिर्फ वनडे ही नहीं, बल्कि टी20 इंटरनेशनल में भी ऑस्ट्रेलिया के अहम खिलाड़ी रहे। उन्होंने 130 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 2,897 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 154 से ज्यादा रहा और उन्होंने 5 शतक व 12 अर्धशतक लगाए।

गेंदबाजी में भी मैक्सवेल ने अपनी उपयोगिता साबित की। उन्होंने वनडे में 77 और टी20 इंटरनेशनल में 51 विकेट हासिल किए। वहीं, टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 7 मैच खेले और 1 शतक की मदद से 339 रन बनाए। तीनों फॉर्मेट मिलाकर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए कुल 286 इंटरनेशनल मैच खेले।
फ्रेंचाइजी टी20 क्रिकेट खेलते रहेंगे मैक्सवेल

इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद भी ग्लेन मैक्सवेल के फैंस उन्हें मैदान पर खेलते हुए देख सकेंगे। वह फ्रेंचाइजी टी20 क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगे। मैक्सवेल 12 दिसंबर से शुरू होने वाले बिग बैश लीग (BBL) 2026-27 सीजन में मेलबर्न स्टार्स की ओर से खेलते नजर आएंगे।
अपने ओवरऑल टी20 करियर में मैक्सवेल अब तक 11,369 रन बना चुके हैं। इसके अलावा गेंदबाजी में उनके नाम 214 विकेट दर्ज हैं। आईपीएल में भी उनका जलवा देखने को मिला है। वह दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जैसी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं।
साथी खिलाड़ियों को फैसला बताना भी आसान नहीं था
किसी भी खिलाड़ी के लिए उस खेल को अलविदा कहना आसान नहीं होता, जिसमें उसने अपनी जिंदगी के कई साल दिए हों। मैक्सवेल के लिए भी यह फैसला भावुक करने वाला रहा। उन्होंने माना कि अपने साथी खिलाड़ियों के साथ संन्यास का फैसला साझा करना उनकी उम्मीद से कहीं ज्यादा मुश्किल था।
मैक्सवेल ऑस्ट्रेलिया की 2015 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का अहम हिस्सा रहे। इसके अलावा 2021 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम में भी उन्होंने योगदान दिया। इंटरनेशनल क्रिकेट में उनका आक्रामक अंदाज, 2023 वर्ल्ड कप की ऐतिहासिक पारी और शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन लंबे समय तक क्रिकेट फैंस को याद रहेगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

