केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2029 तक भारत को ड्रग्स मुक्त बनाने का रोडमैप तैयार कर लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश को नशे की समस्या से मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।

ड्रग्स के खिलाफ राष्ट्रीय रणनीति

मादक पदार्थों पर हुई उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता के बाद प्रेसवार्ता में अमित शाह ने कहा कि सरकार की रणनीति केवल ड्रग्स तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। तस्करी, अवैध वित्तपोषण, अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और पुनर्वास तक पूरे ड्रग्स इकोसिस्टम को खत्म करने पर जोर दिया जा रहा है।

शाह ने कहा कि ड्रग्स का कारोबार आने वाली पीढ़ियों को बर्बाद करता है। इससे पैदा होने वाले काले धन का इस्तेमाल आतंकवाद को बढ़ावा देने में भी किया जाता है, जिसके कारण कई देशों में नार्को-टेरर मॉड्यूल विकसित हुए हैं।

चार स्तंभों पर आधारित तीन साल का रोडमैप

गृह मंत्री के मुताबिक ‘ड्रग्स मुक्त भारत’ अभियान की रणनीति चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित है:

  • खुफिया जानकारी और ऑपरेशन आधारित कार्रवाई
  • सिंथेटिक ड्रग्स पर प्रभावी नियंत्रण
  • ड्रग्स की मांग और नुकसान को कम करना
  • क्षमता निर्माण और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय

राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों के बीच समन्वय

सरकार ने 2019 में नेशनल कोऑर्डिनेशन कमेटी फॉर काउंटरिंग ड्रग्स ट्रैफिकिंग (NCORD) का चार-स्तरीय तंत्र बनाया था। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स गठित की गई है। केंद्रीय एजेंसियों और राज्य सरकारों के बीच बड़े ड्रग्स नेटवर्क तथा उनके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन पर संयुक्त कार्रवाई को भी मजबूत किया गया है।

गोवा में भाजपा मुख्यालय का उद्घाटन कार्यक्रम छोटा

इसी बीच अमित शाह ने गोवा में भाजपा के नए राज्य मुख्यालय का उद्घाटन किया। दिल्ली में इमारत गिरने की घटना के कारण कार्यक्रम को संक्षिप्त कर दिया गया। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को नए भवन के उद्घाटन पर शुभकामनाएं दीं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m