इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कस्टम अधिकारियों की सतर्कता ने सोना तस्करी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश कर दिया. अधिकारियों ने करीब 9 करोड़ रुपये का सोना बरामद किया है. दुबई से आई एमिरेट्स की उड़ान ईके-514 की गहन जांच के दौरान दो सीटों के नीचे तीन छोटे बैग मिले. सोने को चांदी और काले रंग के स्प्रे से छिपाया गया था ताकि उसकी असली पहचान न हो सके.

कस्टम अधिकारियों ने करीब 6.5 किलोग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 9 करोड़ रुपये बताई जा रही है, बरामद किया है.

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने सोने की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक महिला भी शामिल है. दरअसल, सोने की चेन और ज्वेलरी पर चांदी और काले रंग का स्प्रे किया गया था. अधिकारियों के मुताबिक, ऐसा सोने की असली पहचान छिपाने के लिए किया गया था.

सभी आरोपी अक्सर प्रदर्शनी में शामिल होने के बहाने दुबई जाते थे और लौटते समय सोने को चेन या आभूषण के रूप में पहनकर लाते थे. गिरोह को उम्मीद थी कि आभूषण पहनकर यात्रा करने से सुरक्षा जांच के दौरान ज्यादा शक नहीं होगा और सोना आसानी से दिल्ली पहुंच जाएगा.

सीमा शुल्क अधिकारियों को सूचना मिली थी कि दुबई से दिल्ली आने वाली उड़ान में सोने की तस्करी की जा रही है. अधिकारियों ने फ्लाइट की तलाशी शुरू की. जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोना कहां से खरीदा गया था. इसे दिल्ली में किसे सौंपा जाना था. इस पूरे नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m