बैंक यूनियनों की ओर से तीन दिन की बैंक हड़ताल के मद्देनजर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. 28 से 30 सितंबर की बैंक हड़ताल से पहले बड़ी राहत देते हुए 27 सितंबर 2026 रविवार को देश के सभी सार्वजनिक बैंक और करेंसी चेस्ट खुले रहेंगे. सरकार के इस फैसले को रिजर्व बैंक (RBI) ने भी मंजूरी दे दी है. रविवार को बैंकों की सभी शाखाएं, दफ्तर और एटीएम पूरी तरह काम करेंगे ताकि लोग अपने जरूरी काम निपटा सकें.

बैंक यूनियनों की प्रस्तावित हड़ताल के बीच रिजर्व बैंक ने एक बड़ा फैसला लिया है. रविवार 27 सितंबर को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को खुला रखने का निर्देश दिया है.

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की तरफ से 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल बुलाई गई है. साप्ताहिक अवकाश के बाद महीने के आखिरी हफ्ते में की जा रही इस हड़ताल का असर ग्राहकों पर ज्यादा न हो, इसके लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया हड़ताल शुरू होने से ठीक पहले यानी 27 सितंबर को रविवार के दिन भी बैंकों को खुले रखने की मंजूरी दे दी है. 

वित्त मंत्रालय की ओर से भी साफ कर दिया गया है कि UFBU की ओर से 28 से 30 सितंबर तक बुलाई गई तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए, सभी पब्लिक सेक्टर बैंक और रीजनल रूरल बैंक रविवार को सामान्य रूप से काम करेंगे.

ये देशव्यापी Bank Strike 28 सितंबर सोमवार को शुरू हो रही है और 30 सितंबर बुधवार तक जारी रहेगी. वीकेंड की छुट्टियों और आगामी हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं लंबे समय तक ठप न रहें, इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक ने रविवार को बैंक शाखाएं खुली रखने का फैसला लिया है.

बता दें कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस सप्ताह में पांच दिन काम की अपनी मांग (5 Days Working Demand) को लेकर ये हड़ताल कर रहे हैं. बैंक कर्मचारी लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि आईटी कंपनियों की तरह उन्हें भी हफ्ते में सिर्फ 5 दिन काम करना पड़े (शनिवार और रविवार पूरी छुट्टी हो). नए कर्मचारियों को भी पुरानी पेंशन योजना चुनने का मौका दिया जाए.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m