सुशीला देवी, गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को टक्कर मारकर फरार होने के मामले में नया मोड़ आ गया है। आरोपी कल्याण बैंसला के बयान के बाद पीड़िता सिया चौहान ने पहली बार वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। सिया ने आरोपी के उस दावे पर सवाल उठाया है, जिसमें बाइक सवारों द्वारा उसे कथित तौर पर पिंच किए जाने की बात कही गई थी। उन्होंने पूछा कि अगर वे उसे पिंच कर रहे थे तो आरोपी ने उनका पीछा क्यों किया?

सिया बोलीं- जानबूझकर लेन बदलकर रोकने की कोशिश की

सिया चौहान का कहना है कि हादसे से पहले आरोपी ने जानबूझकर अपनी लेन बदली। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने उन्हें रोकने की कोशिश की थी। सिया के मुताबिक, इस दौरान उनकी जान भी जा सकती थी।

पीड़िता ने आरोपी के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें बाइक सवारों की ओर से पिंच किए जाने की बात कही गई थी। उनका कहना है कि अगर ऐसा था तो आरोपी ने उनका पीछा क्यों किया।

टक्कर के बाद नहीं रुका आरोपी

सिया ने कहा कि टक्कर मारने के बाद आरोपी एक सेकंड के लिए भी मौके पर नहीं रुका। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने यह जानने की कोशिश तक नहीं की कि वे सुरक्षित हैं या नहीं।

सिया के मुताबिक, अगर आरोपी को घटना का इतना दुख था तो उसे मौके पर रुककर उनकी मदद करनी चाहिए थी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, तीन टीमें गिरफ्तारी में जुटीं

वीडियो वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए सेक्टर-56 थाने में मामला दर्ज किया है। ACP हेडक्वार्टर अभिलक्ष जोशी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 281 और 125 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H