सिरसा। हरियाणा के सिरसा में मंगलवार सुबह जमीन बेचने को लेकर चल रहे विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना कालांवाली क्षेत्र के खोखर गांव की है। आरोप है कि पिता अपने दामाद और कुछ अन्य लोगों के साथ घर पहुंचा और बेटे को छह गोलियां मार दीं। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही कालांवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सिविल अस्पताल भिजवाया।
जमीन बेचने को लेकर पिता-पुत्र में विवाद
बताया गया है कि मृतक और उसके पिता के बीच पिछले कुछ दिनों से जमीन बेचने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच पिता कुछ दिनों से अपनी बेटी के ससुराल में रह रहा था।
मंगलवार सुबह वह कथित तौर पर अपने दामाद और कुछ लोगों के साथ बेटे के घर पहुंचा। आरोप है कि वहां बेटे पर गोलियां चलाई गईं।
छह गोलियां मारने का आरोप
परिजनों के मुताबिक, आरोपी पक्ष ने बेटे को छह गोलियां मारीं। गोली लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कालांवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवाया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



