गोंडा के परसपुर क्षेत्र में मारपीट के बाद उपचार के दौरान हुई कारोबारी विनोद साहनी की मौत के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले में लापरवाही के आरोप में थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है.
सतीश सिंह, लखनऊ. एक दिन पूर्व गोंडा जिले के थाना परसपुर क्षेत्र में बर्तन कारोबारी और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के करीबी के साथ हुई मारपीट के बाद उपचार के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, मामले में आज दिन में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने अल्टीमेटम देते हुए कहा था कि आज रात तक गिरफ्तारी नहीं होती है तो कल वे एसपी कार्यालय व आवास का घेराव करेंगे.
गोंडा के एसपी अभिषेक झां ने रात्रि में बताया कि पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें दो नामजद आरोपी शुभम और सुभाष तथा पूछताछ के दौरान प्रकाश में आया आरोपी प्रकाश शामिल है.
उन्होंने बताया कि विनोद साहनी ने घर लौटते समय कुछ युवकों द्वारा मारपीट किए जाने की शिकायत की थी. घटना के बाद उनका तत्काल मेडिकल कराया गया और बेहतर उपचार के लिए उन्हें केजीएमयू, लखनऊ भेजा गया था.
मामले में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. उपचार के दौरान विनोद की मृत्यु हो गई.
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर रंजिश
उन्होंने बताया कि पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों से यह जानकारी सामने आई कि मृतक द्वारा सोशल मीडिया पर कुछ आपत्तिजनक और कथित तौर पर वैमनस्यपूर्ण पोस्ट किए जाते थे. पुलिस के मुताबिक, इन्हीं पोस्ट को लेकर आरोपियों में रंजिश थी और इसी के चलते मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया.
उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है.
प्रकरण में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है.



