शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश के प्रतिभावान युवा खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी है। राज्य सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से एक बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को पुलिस विभाग में बिना किसी लंबी परीक्षा के सीधे सरकारी नौकरी (सीधी भर्ती) पाने का मौका मिलेगा। सरकार ने ‘पुलिस विभाग में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी भर्ती के नियम 2021’ में महत्वपूर्ण संशोधन किया है, जिसके बाद अब इस भर्ती प्रक्रिया का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
10 सब इंस्पेक्टर और 50 आरक्षक पद
संशोधित नियमों के तहत पुलिस विभाग में खिलाड़ियों के लिए कुल 60 पद आरक्षित किए गए हैं। उपनिरीक्षक (Sub-Inspector – SI): 10 पद। आरक्षक (Constable): 50 पद। इन पदों पर खिलाड़ियों की खेल उपलब्धियों और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर शासकीय सेवा में सीधे नियुक्ति दी जाएगी।
वर्ष 2021 के बाद पहली बार शुरू होगी प्रक्रिया
बता दें कि साल 2021 में इस सीधी भर्ती को लेकर नियम तो बनाए गए थे, लेकिन किन्हीं कारणों से यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी थी। अब पहली बार नियमों में जरूरी संशोधन कर इस अटकी हुई प्रक्रिया को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। खेल और खिलाड़ियों के हित में लिया गया यह फैसला युवाओं के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन साबित होगा, जिससे वे बिना करियर की चिंता किए खेल के मैदान पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकेंगे।



