बारीपदा। प्रकृति और वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। विश्व प्रसिद्ध सिमिलिपाल नेशनल पार्क (Similipal National Park) को 1 नवंबर से पर्यटन सत्र 2026-27 के लिए पर्यटकों के लिए आधिकारिक तौर पर खोल दिया गया है। पर्यटक अब सिमिलिपाल की मनमोहक हरियाली, जलप्रपातों और दुर्लभ वन्यजीवों का आनंद ले सकेंगे।
सिमिलिपाल बाघ अभयारण्य (STR) प्रशासन द्वारा जैव विविधता की सुरक्षा और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए कड़े नियम लागू किए गए हैं।

वाहनों की दैनिक सीमा: पार्क में प्रतिदिन अधिकतम 60 चार पहिया वाहनों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। केवल 180 मिमी या उससे अधिक ग्राउंड क्लीयरेंस वाले वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा।
प्रवेश द्वार और समय
जशीपुर (कालियाणी गेट): 35 वाहनों को सुबह 5:00 बजे से 9:00 बजे के बीच प्रवेश मिलेगा।
बारीपदा (पिठाबाटा जांच चौकी): 25 वाहनों को सुबह 8:00 बजे से 9:00 बजे के बीच प्रवेश दिया जाएगा।
निकासी की समयसीमा: सभी पर्यटकों को शाम 6:00 बजे से पहले पार्क से बाहर निकलना अनिवार्य होगा। वहीं, प्रसिद्ध जोरांडा (Joranda) और बरेहीपानी (Barehipani) जलप्रपात देखने वाले पर्यटकों को दोपहर 4:00 बजे तक वह स्थान छोड़ना होगा।
पर्यटन को सुगम बनाने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए डिजिटल और मार्गदर्शक नियम लागू किए गए हैं।
अनिवार्य बुकिंग व गाइड: पर्यटकों के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.simlipal.org के माध्यम से अग्रिम ऑनलाइन बुकिंग अनिवार्य है। साथ ही प्रत्येक वाहन के साथ एक पंजीकृत गाइड ले जाना जरूरी किया गया है।
ओपन जीप सफारी व कॉटेज: जंगलों को करीब से अनुभव करने के लिए ओपन जीप वाइल्डलाइफ सफारी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कुमारी, गुड़गुड़िया, जामुआणी और बरेहीपानी में रात्रि विश्राम (Night Stay) की सुविधा उपलब्ध है, जिसकी बुकिंग www.ecotourodisha.com से की जा सकती है।
बारीपदा सिमिलिपाल टाइगर रिजर्व के क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक सह क्षेत्र निदेशक ने बताया कि नियमों का पालन करते हुए पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण दोनों को प्राथमिकता दी गई है। सत्र के पहले दिन पहुंचे पर्यटकों में भारी उत्साह देखा गया। खासकर दुर्लभ काले बाघ और अन्य वन्यजीवों को देखने की उम्मीद में कई पर्यटक पहुंचे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

