अभिषेक सेमर, तखतपुर। उस्लापुर गुड्सशेड वेलफेयर ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान वर्षों से बंद पड़े गुड्सशेड को एक बार फिर से सुचारू रूप से शुरू किए जाने की घोषणा की गई, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2008 से 2013 तक यहां लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य संचालित होता था, जिसे बाद में रेलवे ने बंद कर दिया था। अब क्षेत्रीय प्रयासों से इसे पुनः चालू किया जा रहा है, जिससे मजदूरों और ट्रक संचालकों को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मजीत सिंह ने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में श्रमिकों के हित, सुरक्षा और उनके मेहनताना के उचित मूल्य पर विशेष जोर दिया।


मजदूर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ : धर्मजीत सिंह
विधायक डॉ. धर्मजीत सिंह ने कहा कि मजदूर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। मजदूरों की मेहनत से ही मालिकों का व्यवसाय चलता है, इसलिए उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और मेहनत का उचित पारिश्रमिक सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि गुड्सशेड के पुनः प्रारंभ होने से देशभर से माल का आवागमन बढ़ेगा, जिससे क्षेत्रीय और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मजदूरों, ट्रक चालकों और मालिकों में खुशी
कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने बताया कि इस दिवस की शुरुआत लगभग 140 वर्ष पूर्व अमेरिका के शिकागो शहर से हुई थी, जो आज श्रमिकों के सम्मान और अधिकारों के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल से मजदूरों, ट्रक चालकों और मालिकों सभी वर्गों में खुशी का माहौल है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मजदूर, ट्रक ड्राइवर, वाहन मालिक एवं संघ के सदस्य उपस्थित रहे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

