Technology Desk: ऑनलाइन शॉपिंग करते समय कई बार लोगों को कपड़े पसंद तो आ जाते हैं, लेकिन यह समझना मुश्किल होता है कि वे पहनने पर कैसे दिखेंगे। कई बार फोटो में अच्छी दिखने वाली ड्रेस असल में वैसी नहीं लगती। इसी परेशानी को दूर करने के लिए Google एक नया फीचर लेकर आया है। कंपनी भारत में अपने पेमेंट ऐप Google Pay पर फैशन और लाइफस्टाइल शॉपिंग के एक नए फीचर की टेस्टिंग कर रही है। इसकी मदद से यूजर्स कपड़े देखने के साथ उन्हें खरीदने से पहले वर्चुअली ट्राई भी कर सकेंगे।

Google के इस नए फीचर का नाम ‘Discover Shop’ है। इसमें Personalised Recommendations, Virtual Try-On और Visual Search जैसे विकल्प मिलेंगे। यानी यूजर्स अपनी पसंद के कपड़े खोज सकेंगे, उन्हें वर्चुअली पहनकर देख सकेंगे और तस्वीरों के जरिए मिलते-जुलते प्रोडक्ट्स भी तलाश सकेंगे। फिलहाल कंपनी भारत में सीमित संख्या में यूजर्स के साथ इसकी टेस्टिंग कर रही है।

Google Pay के Discover Shop में मिलेंगे ये फीचर्स

Google ने बीते सोमवार को एक ब्लॉग पोस्ट के जरिए Discover Shop के पायलट प्रोजेक्ट की घोषणा की। यह नया सेक्शन कंपनी के 60 अरब से ज्यादा प्रोडक्ट्स वाले Shopping Graph से पावर्ड है। इसमें फैशन और लाइफस्टाइल से जुड़े प्रोडक्ट्स एक ही जगह पर दिखाई देंगे।

Google इस फीचर में अपने Visual Search और Virtual Try-On टूल्स के साथ YouTube वीडियो भी शामिल कर रहा है। इससे यूजर्स को कपड़ों और फैशन के नए ट्रेंड्स देखने का मौका मिलेगा। Google यूजर्स की पसंद और उनकी ऑनलाइन गतिविधियों के आधार पर उन्हें अलग-अलग प्रोडक्ट्स के सुझाव देगा।

कपड़े खरीदने से पहले कर सकेंगे Virtual Try-On

इस फीचर की सबसे खास बात Virtual Try-On है। इसकी मदद से यूजर्स किसी कपड़े को खरीदने से पहले वर्चुअली ट्राई कर सकेंगे। इससे उन्हें अंदाजा लगाने में मदद मिलेगी कि कोई खास ड्रेस उन पर कैसी दिखाई दे सकती है और उसका लुक कैसा रहेगा।

इसके लिए यूजर्स अलग-अलग प्रोडक्ट पेज पर जाकर चुनिंदा कपड़ों को वर्चुअली ट्राई कर सकते हैं। Google आने वाले समय में इसमें पहले से तैयार किए गए Daily Outfit Suggestions जोड़ने की भी योजना बना रहा है। इससे यूजर्स को रोजाना पहनने के लिए नए आउटफिट के सुझाव मिल सकेंगे।

फोटो से खोज सकेंगे पसंद के कपड़े

Google Pay के Discover Shop में Visual Search का विकल्प भी मिलेगा। इसके जरिए यूजर्स किसी पसंदीदा कपड़े की फोटो लेकर उससे मिलते-जुलते प्रोडक्ट्स खोज सकेंगे। इसके अलावा, वे अपने फोन में मौजूद किसी तस्वीर को अपलोड करके भी समान प्रोडक्ट तलाश सकते हैं।

किसी प्रोडक्ट को चुनने पर उसके रंग, साइज और फॉर्मेट जैसी जानकारियां भी दिखाई देंगी। अगर यूजर को कोई सामान पसंद आता है, तो वह उसे खरीदने के लिए संबंधित मर्चेंट की वेबसाइट पर जा सकता है।

यूजर्स की पसंद के हिसाब से मिलेंगे सुझाव

इस फीचर में Personalised Recommendations भी दी जाएंगी। यानी Google यूजर्स की पसंद और उनकी गतिविधियों के आधार पर फैशन प्रोडक्ट्स दिखाएगा। इसके लिए यूजर्स की सहमति वाली Web और App Activity के साथ Search Personalisation Data का इस्तेमाल किया जाएगा।

भारत में कैसे मिलेगा इस फीचर का एक्सेस?

फिलहाल Discover Shop की टेस्टिंग भारत में चुनिंदा यूजर्स के साथ हो रही है। अगर आप चेक करना चाहते हैं कि आपके Google Pay ऐप में यह फीचर आया है या नहीं, तो ऐप को अपडेट करें। इसके बाद स्क्रीन के नीचे दिए गए ‘Discover’ आइकन को देखें।

इस सुविधा के लिए पर्सनल Google अकाउंट होना जरूरी है। साथ ही Web और App Activity और Search Personalisation का विकल्प चालू होना चाहिए। Google ने अभी यह नहीं बताया है कि इस फीचर को सभी यूजर्स के लिए कब तक उपलब्ध कराया जाएगा।