अनुज पांडेय, गोपालगंज। शहर से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र में श्याम सिनेमा के समीप स्थित एक किराए के मकान में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। मृतका मूल रूप से जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली थी और पिछले एक साल से गोपालगंज में रहकर पढ़ाई कर रही थी।

मृतक छात्रा की फोटो
स्वजनों के फोन न उठाने पर हुआ खुलासा
घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका के परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ मिला। कई बार प्रयास करने के बाद भी जब संपर्क नहीं हो सका, तो चिंतित परिजनों ने मकान मालिक से बात की। इसके बाद परिजन तुरंत गोपालगंज स्थित उसके किराए के कमरे पर पहुंचे, जहां फंदे से लटकता शव देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मां का गंभीर आरोप
घटना के बाद मृतका की मां ने पुलिस प्रशासन के समक्ष गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मां ने साफ तौर पर कहा कि उनकी बेटी आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम नहीं उठा सकती। परिजनों ने कुछ युवकों पर छात्रा को लगातार फोन कर परेशान और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मृतका की मां ने इसे सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या करार देते हुए पुलिस से नामजद आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है।
कमरे से मिली शेरो-शायरी लिखी डायरी
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को छानबीन के दौरान कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन छात्रा की एक पर्सनल डायरी बरामद हुई है, जिसमें कुछ शेरो-शायरी लिखी हुई हैं। पुलिस इस डायरी को अहम साक्ष्य मानकर हैंडराइटिंग और शायरी के भावों का अध्ययन कर रही है।नगर थाना की पुलिस देर रात तक घटनास्थल पर कैंप करती रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का, इसका वास्तविक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है।



