गोरखपुर. उत्तर प्रदेश सरकार ने राम जन्मभूमि परिसर, गोरखनाथ मंदिर, जनप्रतिनिधियों और पुलिस बल की सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए कई खरीद प्रस्तावों को मंजूरी दी है. गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में एआई आधारित निगरानी प्रणाली विकसित करने पर 23.07 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके साथ ही अति संवेदनशील प्रतिष्ठानों के लिए सुरक्षा उपकरण और पुलिस के लिए नए संसाधन खरीदे जाएंगे.
गोरखनाथ मंदिर के मौजूदा CCTV नेटवर्क को एआई आधारित सर्विलांस, फेशियल रिकग्निशन और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन सिस्टम से जोड़ा जाएगा. 392 कैमरों के लिए वीडियो मैनेजमेंट सिस्टम इंटीग्रेशन तैयार होगा. वीवीआईपी रूट, हेलिपैड और मानसरोवर मंदिर क्षेत्र तक निगरानी बढ़ाई जाएगी. इसके लिए 23.07 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं.
इसे भी पढ़ें- गुंडा एक्ट पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, यूपी सरकार को लगाई फटकार!
भीड़ नियंत्रण के लिए आधुनिक उपकरण
कानून-व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस को आधुनिक टियर स्मोक म्यूनिशन उपलब्ध कराया जाएगा. इसके तहत विभिन्न श्रेणियों के 20 हजार टियर स्मोक शेल समेत बड़ी संख्या में ग्रेनेड और अन्य उपकरण खरीदे जाएंगे. इस पूरी खरीद पर 10.25 करोड़ रुपये खर्च होंगे.
राम मंदिर समेत महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा
अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर परिसर के साथ एयरपोर्ट, लोकभवन, मेट्रो, आरआरटीएस और हाईकोर्ट जैसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए यूपीएसएसएफ की त्वरित प्रतिक्रिया टीम और बम निरोधक दस्तों की क्षमता बढ़ाई जाएगी. इसके लिए स्नाइपर राइफल और टेलीस्कोपिक सर्च मिरर समेत उपकरण खरीदे जाएंगे.
इसे भी पढ़ें- यूपी में मानसूनी बारिश से 26 जिले बाढ़ की चपेट में, 4 लाख लोग प्रभावित; आज 19 जिलों में बारिश
VVIP सुरक्षा में नए हथियार और डिटेक्टर
जनप्रतिनिधियों और वीवीआईपी की सुरक्षा के लिए 800 नई 9 एमएम सब मशीन गन और 2.56 लाख कारतूस खरीदे जाएंगे. इस पर 5.59 करोड़ रुपये खर्च होंगे. पीएसी की तीन महिला बटालियनों के लिए पिस्टल और ऑटोमैटिक असॉल्ट राइफलें भी खरीदी जाएंगी. विस्फोटक पहचान क्षमता बढ़ाने के लिए 14 हैंड हेल्ड एक्सप्लोसिव डिटेक्टर उपलब्ध कराने पर 4.19 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं.



