गोरखपुर. गोरखपुर में रविवार दोपहर एक 15 वर्षीय छात्रा ने 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़कर जान देने की कोशिश की. घटना महादेव झारखंडी कॉलोनी की बताई जा रही है. कक्षा 9 में पढ़ने वाली छात्रा करीब तीन घंटे तक टंकी पर बैठी रही. वह पैर लटकाकर बैठी थी और नीचे खड़े लोग लगातार उसे समझाने की कोशिश कर रहे थे.
इसे भी पढ़ें- जेवर में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मौत का तांडव, डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में गिरा ट्रक; कार सवार 4 की मौत
बताया गया कि छात्रा के परिवार वाले उसे उसके बॉयफ्रेंड से बातचीत करने से मना करते थे. रविवार को मां ने उसे दोबारा लड़के से बात करने से रोका, जिसके बाद वह नाराज हो गई और घर से करीब 500 मीटर दूर पानी की टंकी पर चढ़ गई.
तीन घंटे तक पुलिस और परिवार करते रहे समझाने की कोशिश
छात्रा को टंकी पर बैठा देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने पर एम्स थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों और परिजनों ने काफी देर तक छात्रा को नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं थी. करीब तीन घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बीच पुलिस छात्रा को सुरक्षित नीचे उतारने का रास्ता तलाशती रही. इस दौरान उसकी मां भी मौके पर पहुंचीं और बेटी से नीचे आने की अपील की.
बातचीत के बहाने टंकी पर पहुंचीं महिला दरोगा
स्थिति को देखते हुए एम्स चौकी की महिला दारोगा जागृति खरवार ने जोखिम उठाने का फैसला किया. वह छात्रा से बातचीत करते हुए धीरे-धीरे टंकी के ऊपर पहुंचीं. उन्होंने किसी तरह छात्रा को भरोसे में लिया और मौका मिलते ही उसे पीछे से पकड़ लिया. लेकिन इसी दौरान छात्रा ने अचानक नीचे छलांग लगा दी. महिला दरोगा ने तुरंत उसका हाथ और कुर्ती पकड़ ली. इससे छात्रा नीचे गिरने से बच गई, लेकिन वह करीब 20 मिनट तक हवा में लटकी रही. नीचे मौजूद लोगों की सांसें अटक गईं.
इसे भी पढ़ें- अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एक्शनः 2 शूटर एनकाउंटर में ढेर, पिता बोले- ‘अभी आधा इंसाफ मिला’
20 मिनट तक हवा में लटकी रही छात्रा, ऐसे बची जान
महिला दरोगा ने छात्रा को मजबूती से पकड़े रखा. कुछ ही देर में अन्य पुलिसकर्मी भी टंकी के ऊपर पहुंच गए. सभी ने मिलकर छात्रा को ऊपर खींच लिया और सुरक्षित बचा लिया. एम्स थाना प्रभारी महेंद्र कुमार पांडेय के मुताबिक, छात्रा को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है. पुलिस उसकी काउंसलिंग भी कर रही है. महिला दरोगा की तत्परता से छात्रा की जान बच गई.


