शामली. हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. पुलिस ने मुठभेड़ में हत्या के दो आरोपियों सुमित और मोहित को मार गिराया. दोनों हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले थे और उन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस के मुताबिक दोनों शूटर बाइक से सोनीपत की ओर भाग रहे थे.

इसे भी पढ़ें- कानपुर में महिला की संदिग्ध मौत पर हंगामा, हाईवे पर शव रखकर लगाया जाम, पथराव में 3 पुलिसकर्मी घायल

पुलिस को देखते ही फायरिंग, 20 राउंड चली गोलियां

शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद सोमवार सुबह औद्योगिक थाना क्षेत्र में पुलिस ने दोनों आरोपियों को घेर लिया. पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई. दोनों ओर से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई. इस दौरान सुमित और मोहित को गोली लगी. पुलिस दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस की गाड़ी पर भी गोलियों के निशान मिले हैं.

जिम के बाहर 18 राउंड फायरिंग कर की थी हत्या

पुलिस के अनुसार, पांच दिन पहले 26 अगस्त को अंकित बालियान की शामली में जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अंकित जिम से निकलकर अपनी स्कॉर्पियो में बैठने जा रहे थे, तभी हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और करीब 18 राउंड फायरिंग की. सिर और पेट में गोलियां लगने से अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए थे. पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम किया था.

बाकी दो शूटर अभी फरार

पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर चार संदिग्धों की पहचान की थी. हत्याकांड में सुमित और मोहित के अलावा सत्यम और आर्यन के नाम भी सामने आए हैं. दोनों अभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है. हत्याकांड के बाद हरियाणा के कथित ‘गोगी ग्रुप’ से जुड़े एक सोशल मीडिया अकाउंट से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था. पुलिस पूरे मामले में गैंग कनेक्शन समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें- यूपी के 58 जिलों में बारिश का अलर्ट, 18 में बहुत भारी बारिश; चित्रकूट में बाढ़ के बाद घरों में 5 फीट कीचड़

पिता बोले- ‘अभी आधा इंसाफ मिला’

एनकाउंटर के बाद अंकित के पिता सत्यवीर ने कहा कि उन्हें अभी आधा इंसाफ मिला है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि पांच-छह दिन से परिवार कार्रवाई का इंतजार कर रहा था. अब पुलिस और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर उनका विश्वास बढ़ा है. अंकित की हत्या के बाद उनकी पत्नी सीमा ने भी आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की थी. पुलिस का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.