लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर जारी है. सोमवार को प्रदेश के 58 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इनमें प्रयागराज और वाराणसी समेत 18 जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. लखनऊ समेत आसपास के करीब 10 जिलों में सोमवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. भारी बारिश की आशंका को देखते हुए सुल्तानपुर में कक्षा 8 तक के स्कूल सोमवार को बंद कर दिए गए हैं.

इसे भी पढ़ें- मां-बेटा-बेटी वाली परिवारवादी पार्टी कांग्रेस… राहुल गांधी पर केशव मौर्य ने साधा निशाना, मल्लिकार्जुन खरगे को बनावटी अध्यक्ष बताते हुए कही बड़ी बात

चित्रकूट में बाढ़ का पानी घटा, बढ़ी मुश्किलें

लगातार बारिश और मध्य प्रदेश के बरगी डैम से पानी छोड़े जाने के बाद चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर आ गई थी. नदी में करीब 30 फीट का उफान आया था. अब पानी का स्तर कम हुआ है, लेकिन बाढ़ ने पीछे तबाही के निशान छोड़ दिए हैं. कई घरों में करीब 5 फीट तक कीचड़ भर गया है. सड़कें कचरे और मलबे से पटी हैं. लोग घरों से पानी और कीचड़ निकालने में जुटे हैं. कई जगह फ्रिज-कूलर समेत घरेलू सामान मलबे में दब गया है.

रामघाट का पुल टूटा, तुलसीदास की मूर्ति भी क्षतिग्रस्त

बाढ़ के तेज बहाव में रामघाट पर बना पुल टूटकर मंदाकिनी नदी में गिर गया. इसके अलावा तुलसीदास की प्रतिमा भी बाढ़ की चपेट में आ गई. प्रतिमा का कंधे के ऊपर का हिस्सा बह गया है. बाढ़ के चलते जगह-जगह बिजली के खंभे टूटे हुए हैं और कई रास्तों पर मलबा जमा है. प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है.

दो हेलिकॉप्टर और SDRF ने 50 लोगों को बचाया

बाढ़ के दौरान फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत-बचाव अभियान चलाया गया. दो हेलिकॉप्टर और SDRF की टीमों ने करीब 50 लोगों को रेस्क्यू किया. गोबरिया गांव में 12 लोग करीब चार घंटे तक पीपल के पेड़ पर बैठे रहे. रेस्क्यू टीम ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला. वहीं एक घर में फंसे बच्चों को SDRF के जवानों ने गोद में उठाकर सुरक्षित बाहर निकाला.

31 अगस्त तक बारिश में कमी, सितंबर में फिर सक्रिय होगा मानसून

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक मध्य प्रदेश, राजस्थान और दक्षिणी यूपी के ऊपर बना मानसूनी सिस्टम आगे बढ़ चुका है. इसके कारण 31 अगस्त तक बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है. उन्होंने बताया कि इसके बाद नए मौसमी सिस्टम के असर से सितंबर के पहले सप्ताह में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है. ऐसे में बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

इसे भी पढ़ें- कानपुर में महिला की संदिग्ध मौत पर हंगामा, हाईवे पर शव रखकर लगाया जाम, पथराव में 3 पुलिसकर्मी घायल

प्रयागराज में गंगा के बढ़े जलस्तर के बीच बड़े हनुमान मंदिर तक पानी पहुंचा, जबकि अयोध्या में बारिश के बाद मौसम सुहावना होने पर राम मंदिर परिसर में मोर के नृत्य का दृश्य भी देखने को मिला.