ग्रेटर नोएडा. जेवर में रविवार रात यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हो गया. हादसा रात करीब 11 बजे जेवर थाना क्षेत्र में हुआ. तेज रफ्तार ट्रक अचानक बेकाबू हो गया और डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा गिरा. इसी दौरान सामने से गुजर रही एक कार ट्रक की चपेट में आ गई.

इसे भी पढ़ें- अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एक्शनः 2 शूटर एनकाउंटर में ढेर, पिता बोले- ‘अभी आधा इंसाफ मिला’

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और एक्सप्रेस-वे पर यातायात बाधित हो गया.

कार में फंसे शव, गेट काटकर निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही जेवर थाना पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची. टक्कर के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए थे. पुलिस और राहतकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कार का गेट काटकर शवों को बाहर निकाला. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मृतकों के शव सीटों से चिपक गए थे. दुर्घटना के बाद ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

चारों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी

पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस उनकी पहचान के लिए जरूरी जानकारी जुटा रही है. प्रारंभिक जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है. हालांकि ट्रक अचानक किस कारण बेकाबू हुआ, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुई कार दिल्ली के पालम इलाके की है.

हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम

भीषण टक्कर के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस और राहत टीमों ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम शुरू किया. काफी देर तक एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.

इसे भी पढ़ें- रवि किशन के ‘गोरखपुर स्पेन’ बयान पर धर्मेंद्र यादव का तंज- ‘कुछ लोगों को बनारस क्योटो, अब गोरखपुर…

पुलिस ने यातायात को सामान्य कराने के लिए राहत कार्य तेज किया. फिलहाल हादसे की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस मृतकों की पहचान के साथ-साथ ट्रक चालक की लापरवाही समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.