गोरखपुर. भाजपा सांसद रवि किशन ने गोरखपुर के विकास की तारीफ करते हुए शहर की तुलना स्पेन से कर दी. शनिवार को बशारतपुर में नवनिर्मित कल्याण मंडपम के उद्घाटन कार्यक्रम में भोजपुरी अंदाज में बोलते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें गोरखपुर स्पेन जैसा लगता है. इस दौरान मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और संजय निषाद हंसते नजर आए. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी सांसद के बयान पर जमकर ठहाके लगाए.
इसे भी पढ़ें- अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एक्शनः 2 शूटर एनकाउंटर में ढेर, पिता बोले- ‘अभी आधा इंसाफ मिला’
रवि किशन का यह वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इसके बाद यूजर्स ने उनके बयान को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया. कई लोगों ने सड़क गड्ढ़ों, बारिश की जमा पानी और खराब नालियों के वीडियो शेयर कर जमकर ट्रोल किया. विपक्षी नेताओं ने भी इसे लेकर भाजपा पर निशाना साधा.
‘आंख के अंधा हैं तो मैं क्या करूं’
अपने संबोधन में रवि किशन ने कहा, “हमके लगेला गोरखपुर स्पेन है. हमें लगेला गोरखपुर अद्भुत जगह है. हमें लगेला कि गोरखपुर स्मार्ट सिटी हवे.” उन्होंने कहा कि वह कई जगहों पर गए हैं और गोरखपुर में काफी बदलाव हुआ है. विपक्ष पर निशाना साधते हुए सांसद ने कहा कि अगर किसी को विकास दिखाई नहीं देता तो वह इसमें क्या कर सकते हैं. उन्होंने भोजपुरी में कहा, “अगर केहू आंख के अंधा बा त हम का करी.” रवि किशन के इसी अंदाज पर मंच पर बैठे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काफी देर तक हंसते दिखाई दिए.
धर्मेंद्र यादव ने ऐसे किया पलटवार
रवि किशन के बयान पर समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि अब पता नहीं कौन-कौन अंधे हैं, उन्हें अपनी पार्टी में ढूंढना चाहिए. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को बनारस क्योटो नजर आता था और अब किसी को गोरखपुर स्पेन दिखाई दे रहा है. धर्मेंद्र यादव ने गोरखपुर की सड़कों और जलभराव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शहर में सड़कों पर गड्ढे हैं और नहरें बन गई हैं. उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि जहां बोटिंग चल रही है, वहां सड़कों पर भी बोटिंग हो रही है. उनके मुताबिक जनता सब देख रही है और गोरखपुर की जनता भी हकीकत जानती है.
‘2017 से पहले हत्याओं का गढ़ था गोरखपुर’
रवि किशन ने अपने भाषण में 2017 से पहले के गोरखपुर की स्थिति का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय गोरखपुर हत्याओं का गढ़ हुआ करता था और बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थीं. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में लगातार विकास के काम हो रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- यूपी के 58 जिलों में बारिश का अलर्ट, 18 में बहुत भारी बारिश; चित्रकूट में बाढ़ के बाद घरों में 5 फीट कीचड़
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लोगों से ‘भारत माता की जय’ और ‘हर-हर महादेव’ के नारे भी लगवाए. बाद में अपने बयान का बचाव करते हुए रवि किशन ने कहा कि उन्होंने कई जगहों की यात्रा की है और गोरखपुर में हुए बदलाव को महसूस किया है. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें गोरखपुर स्पेन जैसा लगता है तो इसमें गलत क्या है.


