मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में ग्रीन सिटी से माधोपुर बंधा तक नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण किया. करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सड़क से शहर के भीतर से होकर गुजरने की जरूरत कम होगी.
गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण किया. करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सड़क के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है.
मुख्यमंत्री ने ग्रीन सिटी मोड़ के पास नवनिर्मित सड़क के प्रारंभिक स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर लोकार्पण किया. इसके साथ ही उन्होंने लोकार्पण शिलापट्ट का अनावरण भी किया. इसके बाद मुख्यमंत्री इसी मार्ग से सड़क निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए जनसभा स्थल पहुंचे.
करीब 70 करोड़ की लागत
करीब 1.8 किलोमीटर लंबी यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग-24 यानी सोनौली-नौतनवां-गोरखपुर मार्ग से निकलकर ग्रीन सिटी और पटनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक जाती है. मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से इस क्षेत्र में आबादी होने और कई स्कूल संचालित होने के बावजूद सड़क चौड़ी न होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी.
उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ी नहीं होने के कारण भारी वाहन भी इस मार्ग पर नहीं आ पाते थे. करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से सड़क के निर्माण से इन समस्याओं का समाधान हुआ है. मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास सरकार का संकल्प है.
कई शहरों की राह आसान
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ग्रीन सिटी से माधोपुर बंधा तक सड़क की कनेक्टिविटी मिलने से वाराणसी, लखनऊ, नेपाल, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और बलरामपुर समेत अन्य स्थानों की ओर जाने वाले लोगों को शहर के अंदर से होकर गुजरने की जरूरत नहीं होगी.
उन्होंने बताया कि राजघाट से हाबर्ट बंधा होते हुए माधोपुर तटबंध को फोरलेन किया जा रहा है. डोमिनगढ़ में फ्लाईओवर भी बनाया जाएगा. इसके बाद लोग डोमिनगढ़ फोरलेन बाईपास के जरिए कालेसर पहुंचकर लखनऊ मार्ग पकड़ सकेंगे.
इसी तरह नेपाल और सोनौली की ओर जाने के लिए महेसरा होकर जाने की सुविधा उपलब्ध होगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों की श्रृंखला के चलते गोरखपुर में बदलाव दिखाई दे रहा है और शहर के मार्ग फोरलेन से जुड़ रहे हैं.
शिवरात्रि की दी शुभकामनाएं
सड़क लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों को सावन शिवरात्रि की बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने देवाधिदेव महादेव भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों के सुख और समृद्धि की प्रार्थना भी की.
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.


