गोरखपुर में ऑटो में छूटे करीब 34 लाख रुपये के आभूषणों से भरे बैग को कैंट पुलिस ने 12 घंटे के भीतर बरामद कर लिया. सीसीटीवी फुटेज की मदद से ऑटो की पहचान कर चालक तक पहुंचा गया.

गोरखपुर. कैंट थाना क्षेत्र में ऑटो में छूटे करीब 34 लाख रुपये के आभूषणों से भरे बैग को पुलिस ने 12 घंटे के भीतर बरामद कर लिया. यह बैग मोहद्दीपुर से कूड़ाघाट जाते समय यात्री से ऑटो में छूट गया था. बैग में सास-बहू के गहने और कपड़े थे और उस पर ताला लगा हुआ था.

घर पहुंचने पर चला पता

राप्तीनगर फेज-1 के गणेशपुरम निवासी सुधांशु बरनवाल 12 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे कूड़ाघाट जाने के लिए मोहद्दीपुर के पास ऑटो में सवार हुए थे. कूड़ाघाट पहुंचने के बाद उन्होंने कपड़ों वाला एक बैग तो उतार लिया, लेकिन दूसरा बैग ऑटो में ही रह गया.

घर पहुंचने के बाद सुधांशु को बैग छूटने का पता चला. इसमें सास और बहू के करीब 34 लाख रुपये के आभूषण रखे हुए थे.

रात में पुलिस को दी सूचना

सुधांशु रात करीब 11 बजे मोहद्दीपुर पुलिस चौकी पहुंचे और घटना की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने बैग और ऑटो की तलाश शुरू कर दी.

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज के आधार पर ऑटो की पहचान हुई और उसका नंबर मिलने के बाद पुलिस झंगहा के शिवपुर गांव निवासी चालक तक पहुंच गई.

चालक ने नहीं खोला बैग

पूछताछ में ऑटो चालक ने पुलिस को बताया कि बैग उसके ऑटो में मिला था, लेकिन उसने उसे खोला नहीं. इसके बाद रविवार सुबह चालक बैग को मोहद्दीपुर चौकी लेकर पहुंचा.

कैंट थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के मुताबिक, दोपहर में हिमांशु को बुलाकर सत्यापन के बाद बैग आभूषणों समेत सौंप दिया गया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लाखों रुपये के गहने सुरक्षित वापस मिल गए.