गोरखपुर में पीईटी-2026 परीक्षा के मद्देनजर 30 अक्टूबर को एक दिन का शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेन्द्र त्रिपाठी ने संबंधित विद्यालयों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं.
गोरखपुर. प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के आयोजन को देखते हुए 30 अक्टूबर को एक दिन का शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेन्द्र त्रिपाठी ने इस संबंध में निर्देश जारी कर संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को आदेश का पालन सुनिश्चित करने को कहा है.
जिले में परीक्षा के लिए कुल 52 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 23 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है. परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन और संबंधित संस्थानों के बीच समन्वय बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है.
इन विद्यालयों पर लागू होगा आदेश
जारी निर्देश के दायरे में परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं. इसके अलावा अशासकीय सहायता प्राप्त और निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों को भी शैक्षणिक अवकाश संबंधी आदेश का पालन करना होगा.
सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और प्रबंधकों को भी निर्देशों का अनुपालन करने के लिए कहा गया है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय प्रमुखों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जानकारी
इस आदेश की जानकारी शासन और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, संयुक्त शिक्षा निदेशक सप्तम मंडल, सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) और जिला विद्यालय निरीक्षक को भी भेजी गई है.

