गोरखपुर. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित रामगढ़ताल नौका विहार में रविवार रात दर्दनाक हादसा हो गया. नौका विहार के दौरान दो स्पीड बोटों की आमने-सामने टक्कर में कुशीनगर के एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया.
हादसे के बाद नौका विहार परिसर में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. मृतक के परिजनों की तहरीर पर दोनों बोट चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और एक चालक को हिरासत में लिया गया है. जिलाधिकारी ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
इसे भी पढ़ें- गो गर्जना सभा शामिल होने वालों को योगी सरकार का नोटिस, बुलडोजर कार्रवाई की चेतावनी, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा बयान
घूमने आए थे दोस्त, कुछ ही पल में मातम
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर के हाटा थाना क्षेत्र के पीपरा गांव निवासी 21 वर्षीय लखमुद्दीन और कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अजीज नगर निवासी कयामुद्दीन अंसारी रविवार को घूमने के लिए गोरखपुर पहुंचे थे. दोनों रामगढ़ताल में स्पीड बोटिंग का आनंद ले रहे थे, तभी उनकी बोट सामने से आ रही दूसरी स्पीड बोट से टकरा गई.
टक्कर इतनी जोरदार कि बोट चढ़ गई दूसरी पर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बोटों में करीब 15 लोग सवार थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि एक स्पीड बोट दूसरी बोट पर चढ़ गई. हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने लखमुद्दीन को मृत घोषित कर दिया. घायल कयामुद्दीन का इलाज जारी है.
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और बोट का नियंत्रण बिगड़ना हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है. मृतक के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिससे उसकी जान चली गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें- मेरठ से उत्तराखंड तक ‘जहर’ का नेटवर्क! 6 लाख नकली कैप्सूल के साथ बड़ा खुलासा
डीएम ने दिए जांच के आदेश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद जिलाधिकारी दीपक मीणा ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं. साथ ही यह भी जांच होगी कि देर रात तक स्पीड बोटिंग की अनुमति किस आधार पर दी गई थी. स्थानीय लोगों ने नौका विहार की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन प्रणाली पर सवाल उठाए हैं. प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.


