गोरखपुर. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में कक्षा-6 की छात्रा को देर से स्कूल पहुंचने पर सजा देना प्रिंसिपल को भारी पड़ गया. आरोप है कि छात्रा के पिता ने स्कूल में घुसकर प्रिंसिपल से मारपीट की, थप्पड़ मारे और उनकी शर्ट फाड़ दी. घटना के बाद प्रिंसिपल की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.

इसे भी पढ़ें- गाजियाबाद की बैग फैक्ट्री में भीषण आग, मचा हड़कंप, लाखों का सामान जलकर खाक

देर से पहुंची छात्रा को बनाया था मुर्गा

मामला गोला क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय खिरकिटा दुबे का है. प्रिंसिपल जितेंद्र कुमार (56) के मुताबिक, 1 सितंबर की सुबह कक्षा-6 की एक छात्रा स्कूल देर से पहुंची थी. अनुशासन बनाए रखने के लिए उसे कुछ देर के लिए ‘मुर्गा’ बनाया गया. छुट्टी के बाद छात्रा ने घर जाकर अपने पिता दिलीप कुमार को इसकी जानकारी दी.

बेटी की सजा का कारण पूछने पहुंचा पिता

प्रिंसिपल का आरोप है कि स्कूल से निकलने से पहले ही दिलीप कुमार वहां पहुंच गया और बेटी को सजा देने का कारण पूछा. प्रिंसिपल ने जब पूरी बात समझाने की कोशिश की तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि इसके बाद दिलीप ने प्रिंसिपल से मारपीट शुरू कर दी.

टीचर्स ने किसी तरह बचाया

प्रिंसिपल के मुताबिक, आरोपी ने स्टाफ के सामने उन्हें पीटा और स्कूल में तोड़फोड़ करते हुए सरकारी सामान को भी नुकसान पहुंचाया. हंगामा बढ़ने पर स्कूल के अन्य शिक्षकों ने किसी तरह प्रिंसिपल को बचाया. आरोपी को समझाकर मामला शांत कराया गया. प्रिंसिपल ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

इसे भी पढ़ें- सहारनपुर मस्जिद पर बुलडोजर एक्शन से भड़कीं मायावती, बोलीं- आपाधापी में कार्रवाई ठीक नहीं

आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. 3 सितंबर को प्रिंसिपल की तहरीर पर दिलीप कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. गोला थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है. पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. बताया जा रहा है कि आरोपी पेंट-पॉलिश का काम करता है और पहले भी स्कूल में ठेका लेने को लेकर उसका विवाद हुआ था.