हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर की सड़कों पर आज एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। पलासिया चौराहे पर अचानक गोरिल्ला ट्रैफिक संभालता नजर आया। गोरिल्ला ने रॉन्ग साइड आने वाले वाहन चालकों को रोका, जेब्रा क्रॉसिंग पर खड़े वाहनों को पीछे कराया और पैदल यात्रियों को सुरक्षित सड़क पार कराई। दरअसल, इंदौर पुलिस ने ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता के लिए अनोखा नवाचार किया है।

READ MORE: रफ्तार का कहर: बस ने स्कूल ऑटो को मारी टक्कर, 8 साल की छात्रा की मौत, छोटा भाई गंभीर

इंदौर के पलासिया चौराहे पर जब गोरिल्ला सड़क पर उतरा तो हर किसी की नजर उसी पर टिक गई। लेकिन यह सिर्फ मनोरंजन नहीं था, बल्कि ट्रैफिक नियमों का संदेश देने का अनोखा तरीका था। गोरिल्ला ने रॉन्ग साइड से आने वाले वाहन चालकों को रोका और उन्हें सही दिशा में चलने का इशारा किया। जेब्रा क्रॉसिंग पर वाहन खड़े करने वालों को भी समझाया कि यह जगह पैदल यात्रियों के सुरक्षित सड़क पार करने के लिए है, पार्किंग के लिए नहीं।

READ MORE: सूरत से कानपुर जा रही बस में लगी भीषण आगः खिड़कियों के कांच तोड़कर कूदे यात्री, ड्राइवर फरार

गोरिल्ला के इशारे का असर भी दिखाई दिया। कई वाहन चालकों ने तुरंत अपने वाहन स्टॉप लाइन के पीछे कर लिए। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने का संदेश भी दिया गया। इतना ही नहीं, गोरिल्ला ने बुजुर्गों और पैदल यात्रियों को सड़क पार कराने में भी मदद की और यातायात संचालन में पुलिस का सहयोग किया। इस अनोखे अभियान के दौरान एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया, यातायात पुलिस के अधिकारी और एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।

इस अभियान का संदेश भी बेहद खास था- “मैं तो जानवर हूं, फिर भी मुझे ट्रैफिक सेंस है… तुम तो इंसान हो। ट्रैफिक नियम तोड़ोगे तो चोट लग सकती है, जान जा सकती है। जब मैं नियम समझ सकता हूं, तो तुम क्यों नहीं समझते?” इंदौर पुलिस का मकसद साफ है—लोग ट्रैफिक नियमों का पालन सिर्फ चालान के डर से नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी समझकर करें। पलासिया चौराहे का यह अनोखा वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है। गोरिल्ला के जरिए दिया गया ट्रैफिक सेंस का संदेश लोगों को खूब पसंद आ रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m