भुवनेश्वर: ओडिशा में सरकारी पाठ्यपुस्तकों में अनगिनत गंभीर त्रुटियों और गलतियों को लेकर चल रहे भारी विवाद के बीच राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री की कड़ी चेतावनी के बाद सरकार ने पाठ्यपुस्तकों के मुद्रण और संपादन से जुड़े 4 वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबित किए गए अधिकारियों में राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT) के पूर्व निदेशक मनोज पाढ़ी शामिल हैं। उनके साथ ही सहायक निदेशक प्रलिप्ता पाढ़ी, दिलीप कुमार साहू और भारती टुडू पर भी निलंबन की गाज गिरी है। इन अधिकारियों पर किताबों की छपाई और समीक्षा में भारी लापरवाही बरतने का आरोप है।

दरअसल, स्कूली किताबों में सामने आईं ढेरों गलतियों को लेकर छात्रों, अभिभावकों और शिक्षाविदों में भारी आक्रोश देखा जा रहा था। इस मुद्दे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया था। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी थी कि इस पूरे मामले में जो भी लापरवाही या साजिश सामने आएगी, उसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने जनता को आश्वासन दिया था कि त्रुटियों वाली सभी पुरानी किताबों को वापस लिया जाएगा और छात्रों को जल्द ही नई, त्रुटिहीन और सही पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री के इस कड़े बयान के 24 घंटे पूरे होने से पहले ही राज्य सरकार ने यह बड़ा कदम उठाकर प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है। शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार, इस मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। आने वाले दिनों में कुछ अन्य अधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है। सरकार के इस त्वरित एक्शन की लोग सराहना कर रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

