फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान गंभीर एयर टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। घटना के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) ने विस्तृत बयान जारी कर कहा कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और घटना के हर पहलू की तकनीकी जांच की जाएगी।

सुरक्षित लैंडिंग, 17 लोग हुए घायल

मंत्रालय के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379, एयरबस A320 (VT-EXO) विमान से फुकेत से दिल्ली आ रही थी। उड़ान के दौरान विमान को अचानक तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे कुछ समय के लिए ऊंचाई में अप्रत्याशित बदलाव हुआ। हालांकि पायलटों ने स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पा लिया और विमान की दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग कराई।

विमान में 137 यात्री (3 बच्चों सहित) और 8 क्रू सदस्य सवार थे। शुरुआत में 8 यात्रियों और 4 केबिन क्रू को अस्पताल भेजा गया था, लेकिन बाद में एयर इंडिया ने पुष्टि की कि कुल 17 लोग (13 यात्री और 4 क्रू सदस्य) घायल हुए। इनमें से 5 यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।

मंत्री राम मोहन नायडू ने लिया हालचाल

घटना के बाद केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू फोर्टिस अस्पताल पहुंचे। उनके साथ मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और DGCA के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने फोर्टिस और मेदांता अस्पताल में भर्ती घायलों के इलाज की समीक्षा की और एयर इंडिया के साथ समन्वय बनाए रखा।

विमान हैंगर में, FDR और CVR की होगी जांच

घटना के बाद विमान को विस्तृत तकनीकी जांच के लिए हैंगर भेज दिया गया है। फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) को सुरक्षित कर लिया गया है। इनसे प्राप्त डेटा के आधार पर यह पता लगाया जाएगा कि विमान में अचानक ऊंचाई में बदलाव और टर्बुलेंस की वास्तविक वजह क्या थी।

DGCA करेगी हर पहलू की जांच

DGCA फ्लाइट रिकॉर्ड, मौसम की स्थिति, विमान की तकनीकी स्थिति और क्रू की रिपोर्ट की विस्तृत जांच करेगी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तेज टर्बुलेंस के दौरान विमान को लगभग 300 फीट की अचानक ऊंचाई में गिरावट का सामना करना पड़ा था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m