बांग्लादेश के छात्र नेता और नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के संयोजक नाहिद इस्लाम ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को लेकर बड़ा ही चौंकाने वाला बयान दिया है. शेख हसीना ने कुछ दिन पूर्व ही कहा है कि वो इस साल दिसंबर तक अपने देश लौटना चाहती हैं. इस पर बांग्लादेश के छात्र नेता नाहिद इस्लाम ने शेख हसीना को खौफनाक धमकी देते हुए कहा है कि ‘एयरपोर्ट से सीधे फांसी पर लटकाएंगे’.
छात्र नेता नाहिद इस्लाम ने स्पष्ट साफ किया है कि उनका जन-आंदोलन किसी नेता को सत्ता में बिठाने के लिए नहीं था, बल्कि तानाशाही व्यवस्था, रंगदारी और भ्रष्टाचार को हमेशा के लिए खत्म करने के लिए था.
शेख हसीना के दिसंबर तक बांग्लादेश लौटने और आत्मसमर्पण करने के ऐलान के बाद यह तीखी राजनीतिक प्रतिक्रिया NCP के संयोजक नाहिद इस्लाम के सामने से आई है. नाहिद इस्लाम संसद में विपक्ष के मुख्य व्हिप हैं. वह 2024 के छात्र-नेतृत्व वाले विद्रोह और जुलाई क्रांति के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं.
संसद में विपक्ष के मुख्य व्हिप नाहिद इस्लाम ने कहा कि अगर PM तारिक रहमान भारत से समझौता करके शेख हसीना को वापस भी लाते हैं तो भी जनता और जुलाई आंदोलन के दौरान शहीद हुए लोगों के परिवार तब तक सड़कों पर रहेंगे जब तक हसीना को फांसी नहीं दे दी जाती.
छात्र नेता ने BNP सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों में सरकार बदलने के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं आया है. रिश्वतखोरी, भ्रष्टाचार, बिजली और गैस की किल्लत जैसी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं.
नाहिद इस्लाम उन छात्र नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने जुलाई-अगस्त 2024 में शेख हसीना के खिलाफ आंदोलन किया था जिसके बाद उन्हें देश से भागना पड़ा था. 2024 में हुए बड़े आंदोलन के बाद शेख हसीना की 15 साल पुरानी सरकार गिर गई थी. उस दौरान प्रदर्शनकारियों ने उनके आधिकारिक आवास पर हमला कर दिया था.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


