संजय पाटीदार, भोपाल। मध्यप्रदेश में शिक्षकों की ई-अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर शासकीय शिक्षक संगठन ने शिक्षा विभाग से बदलाव की मांग की है। संगठन का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या, सर्वर डाउन होने और हमारे शिक्षक’ ऐप में गड़बड़ी के कारण हाजिरी दर्ज नहीं हो पाती। ऐसे में तकनीकी खामी के लिए शिक्षकों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए।

संगठन ने की ये मांग

संगठन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र कौशल ने 21 अक्टूबर को लोक शिक्षण संचालनालय के आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। इसमें ई-अटेंडेंस व्यवस्था में छह प्रमुख सुधारो की मांग की गई है। संगठन ने सामान्य स्कूलों में सुबह 9:30 से 11 बजे तक लॉगिन और शाम 4 से 6 बजे तक लॉगआउट का समय तय करने का प्रस्ताव दिया है। सुबह की पाली वाले विद्यालय में 6:30 से 8:00 बजे तक लोगों की मांग की। साथ ही ई-अटेंडेंस के लिए निर्धारित छह घंटे की अवधि घटाकर पांच घंटे करने की मांग की है।

APP में जरूरी संशोधन

शिक्षक संगठन ने ऐप पर सभी प्रकार के अवकाश दर्ज करने, आधे दिन की छुट्टी का विकल्प देने और प्रशिक्षण, बैठकों व सरकारी कामों के लिए ऑन-ड्यूटी की मंजूरी प्रक्रिया आसान बनाने की मांग भी उठाई है। संगठन की प्रमुख मांग है कि नेटवर्क, सर्वर या ऐप में तकनीकी खराबी के कारण हाजिरी दर्ज नहीं होने पर स्कूल की उपस्थिति पंजी और संस्था प्रमुख के प्रमाणित रिकॉर्ड को मान्य किया जाए। ऐसी स्थिति में शिक्षकों का वेतन नहीं रोका जाए और न ही कटौती की जाए।

उपेन्द्र कौशल का कहना है कि शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करना जरूरी है, लेकिन व्यवस्था व्यावहारिक और तकनीकी रूप से भरोसेमंद भी होनी चाहिए। संगठन ने शिक्षा विभाग से मांगों पर विचार कर शिक्षक ऐप में जरूरी संशोधन करने और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी करने की अपील की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m