सोनू वर्मा, नूंह। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष अपने दो दिवसीय दौरे के तहत गुरुवार शाम नूंह पहुंचे। दौरे के पहले दिन उन्होंने लघु सचिवालय के द्वितीय तल पर स्थित मीटिंग हॉल के नवीनीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

राजकीय संस्कृति मॉडल स्कूल-2 का दौरा किया


इसके बाद राज्यपाल ने जिले के राजकीय संस्कृति मॉडल स्कूल-2 का दौरा किया। यहां पहुंचकर उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, कक्षाओं और बच्चों को दी जा रही सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। राज्यपाल ने कक्षा कक्षों में जाकर बच्चों से सीधा संवाद किया और उनकी पढ़ाई, दिनचर्या तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने विद्यार्थियों को चॉकलेट और कलर पैलेट वितरित किए, जिससे बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। उन्होंने बच्चों से आत्मीय बातचीत करते हुए उन्हें प्रेरित किया और पढ़ाई के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।

राज्यपाल ने शिक्षकों को किया संबोधित


राज्यपाल ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के चरित्र निर्माण की पहली सीढ़ी है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके व्यवहार, अनुशासन और आदतों पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की शिक्षा और गतिविधियों पर नियमित नजर रखें।

विद्यालय के विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की


निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने पाया कि विद्यालय में स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता है। इस पर उन्होंने प्रशासन को तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने विद्यालय के विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग प्राथमिकता के आधार पर बुनियादी सुविधाओं और खेल संसाधनों को बेहतर बनाने में किया जाए।

खेल के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा हरियाणा


राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा शिक्षा और खेल के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है और इस प्रगति को बनाए रखने के लिए स्कूल स्तर पर मजबूत आधारभूत ढांचा जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें बेहतर शिक्षा, अनुशासन और अवसर प्रदान करना हम सबकी जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त अखिल पिलानी, पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।