प्रदीप मालवीय, उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के प्रांगण में अधिक पुरुषोत्तम मास के चौथे बृहस्पतिवार पर गुरु बृहस्पतेश्वर भगवान की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर महाकाल मंदिर प्रांगण में 1100 किलो फलों से भव्य फल उत्सव सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
मंदिर के पुजारी नवनीत गुरु के अनुसार भगवान गुरु बृहस्पतेश्वर को 31 प्रकार के फलों का महाभोग अर्पित किया गया। इसके पूर्व भगवान का विभिन्न रसों से अभिषेक कर आकर्षक श्रृंगार किया गया। श्रृंगार के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाआरती संपन्न हुई।
ये भी पढ़ें: 12 जून महाकाल भस्म आरती: कण-कण में महादेव, त्रिनेत्र, रुद्राक्ष की माला से बाबा का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए दर्शन
फल उत्सव के तहत महाकाल मंदिर प्रांगण में विभिन्न फलों की आकर्षक सजावट की गई। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने दर्शन कर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की। महाआरती के बाद भगवान को अर्पित महाभोग और प्रसाद का वितरण भक्तों के बीच किया गया।
मंदिर के पुजारी नवनीत गुरु ने बताया कि अधिक पुरुषोत्तम मास में आयोजित विशेष अनुष्ठानों की श्रृंखला में यह आयोजन विशेष महत्व रखता है। श्रद्धालुओं ने भगवान गुरु बृहस्पतेश्वर से सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

