रायपुर। अग्रवाल सभा रायपुर के सान्निध्य में अग्रवाल युवा मंडल, अग्रवाल युवती मंडल और अग्रवाल महिला मंडल द्वारा आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा रविवार को श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय वातावरण के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस दिव्य यात्रा में 500 से अधिक शिवभक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

कांवड़ यात्रा का शुभारंभ अग्रवाल सभा रायपुर के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने श्रद्धालुओं को कांवड़ भेंट कर एवं भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर किया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित एवं अनुशासित यात्रा की कामना की।

अग्रवाल युवा मंडल के अध्यक्ष सीएस सौरभ अग्रवाल ने कहा कि समाज के सभी वर्गों की अभूतपूर्व सहभागिता ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया, जिससे संपूर्ण वातावरण हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

यात्रा का मुख्य आकर्षण रायपुर की प्रसिद्ध शिव तांडव टोली रही, जिसने अपने मनमोहक एवं ऊर्जावान तांडव नृत्य की प्रस्तुति से सभी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। डमरू की गूंज, शिव भजनों एवं तांडव नृत्य ने पूरी यात्रा को शिवमय बना दिया और मार्गभर श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा।

अग्रवाल युवती मंडल की अध्यक्षा कंचन अग्रवाल ने आयोजन में महिलाओं एवं युवतियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, सेवा एवं एकता की भावना को और मजबूत करते हैं।

अग्रवाल युवा मंडल के महामंत्री वेदांत अग्रवाल ने बताया कि यात्रा का संचालन पूरी व्यवस्था एवं अनुशासन के साथ संपन्न हुआ। सभी स्वयंसेवकों एवं समितियों ने अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रही।

हरीश केड़िया एवं मुक्तेश अग्रवाल के नेतृत्व में अग्रवाल युवा मंडल एवं अग्रवाल युवती मंडल के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने यात्रा की संपूर्ण व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया। सभी कार्यकर्ताओं ने कई दिनों की मेहनत एवं समर्पण से इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

महादेव घाट स्थित हटकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर सभी श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक, पूजा-अर्चना एवं आरती कर सुख, समृद्धि एवं समाज की खुशहाली की प्रार्थना की। पूजा-अर्चना के पश्चात मंदिर परिसर में सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की भी विशेष व्यवस्था की गई, जिसका सभी ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।

अग्रवाल युवा मंडल के मीडिया प्रभारी उदित अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि समाज के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शिवभक्तों के सहयोग से यह कांवड़ यात्रा अत्यंत भव्य, अनुशासित एवं सफल रही। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी समाज इसी प्रकार धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से सेवा एवं संस्कार की परंपरा को आगे बढ़ाता रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m