प्रदीप मालवीय, उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के आंगन में परंपरा अनुसार इस साल भी रक्षाबंधन पर्व के पावन अवसर पर भव्य सवा लाख लड्डुओं का महाभोग अर्पित किया जाएगा। इस दिव्य आयोजन को लेकर मंदिर प्रांगण में तैयारियां युद्ध स्तर पर प्रारंभ हो चुकी हैं। महाकाल मंदिर के पुजारी परिवार द्वारा प्रतिवर्ष यह परंपरा पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव से निभाई जाती है। 

मंदिर पुजारी के मार्गदर्शन में महाभोग तैयार करवाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। अनुष्ठान की शुरुआत में पुजारियों ने विधि-विधान से भट्टी का पूजन किया। इसके बाद पुजारियों ने खुद अपने हाथों से पहला लड्डू बनाकर बाबा महाकाल के प्रति अपनी अनन्य भक्ति और समर्पण का भाव व्यक्त किया। लगभग तीन दिनों तक निरंतर चलने वाले इस विशाल कार्य में कई कुशल हलवाई और कर्मचारी जुटे हुए हैं। 

सवा लाख लड्डुओं के निर्माण में 15 क्विंटल बेसन, 10 क्विंटल शुद्ध घी, 15 क्विंटल शक्कर भूरा, 2 क्विंटल मेवे (ड्राई फ्रूट्स) और इलायची का उपयोग किया जा रहा है। निर्माण के दौरान सामग्री की शुद्धता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। रक्षाबंधन पर होने वाली भस्म आरती और महाआरती के दौरान यह महाभोग बाबा महाकाल को अर्पित किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m