फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-78 से 89 तक रहने वाले लोगों को जल्द ही सीवर जाम और ओवरफ्लो की पुरानी समस्या से राहत मिलने वाली है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) सीवर लाइनों की प्रभावी सफाई के लिए सुपर सकर मशीन किराए पर लेने जा रहा है। इसके लिए प्राधिकरण की ओर से बाकायदा टेंडर जारी कर दिया गया है। एफएमडीए इस मशीन को दो महीने के लिए किराए पर लेगा, जिस पर करीब 4.20 लाख रुपए का खर्च आएगा। इस मशीन की मदद से सीवर लाइनों में जमी सिल्ट और कीचड़ निकालकर पानी की निकासी को सुचारू बनाया जाएगा।
आवासीय सेक्टरों में गंदे पानी से जूझ रहे थे निवासी
ग्रेटर फरीदाबाद के तेजी से विकसित हो रहे आवासीय सेक्टरों में लंबे समय से सीवर व्यवस्था लोगों के लिए परेशानी की वजह बनी हुई थी। कई जगहों पर सीवर लाइन पूरी तरह जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता था। सड़कों पर जलभराव के कारण राहगीरों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, वहीं गंदगी और उठती दुर्गंध से आसपास के निवासियों का जीना दुश्वार हो रहा था।
सीवर ओवरफ्लो से जुड़ी शिकायतों के निपटारे में लगने वाले समय को घटाने और गंदे पानी की निकासी को तुरंत बहाल करने के मकसद से ही एफएमडीए ने किराए पर सुपर सकर मशीन लेने की यह योजना बनाई है।
दो महीने चलेगा विशेष सफाई अभियान
एफएमडीए के इस कदम से सेक्टर-78 से 89 तक के विशाल रिहायशी इलाके को फायदा मिलेगा। किराए पर ली जाने वाली यह सुपर सकर मशीन सीवर पाइपलाइनों के भीतर गहरे जमे सिल्ट, कीचड़ और भारी गंदगी को खिंचकर बाहर निकालेगी। इससे सीवर जाम की शिकायतों का निस्तारण तेजी से हो सकेगा और जल निकासी सुचारू हो जाएगी।
एफएमडीए के कार्यकारी अभियंता ओमदत्त ने बताया कि सेक्टर-78 से 89 तक सीवर ओवरफ्लो की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के लिए सुपर सकर मशीन की व्यवस्था की जा रही है। मशीन के जरिए सीवर लाइनों की पूरी सफाई कराकर गंदे पानी की निकासी बहाल की जाएगी, जिससे निवासियों को राहत मिलेगी। मशीन का उपयोग दो महीने की अवधि तक किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

