Rajasthan News: राजस्थान के भरतपुर जिले के चिकसाना इलाके में एक शादी के टूटने की चर्चा पूरे गांव में हो रही है। हरियाणा से धूमधाम से बारात लेकर आया दूल्हा मंडप में दुल्हन का इंतजार करता रहा, लेकिन वहां सन्नाटा पसरा रहा। दुल्हन अपने परिवार के साथ घर छोड़कर जा चुकी थी।
मामला सिर्फ शादी टूटने का नहीं है, बल्कि पुलिस की जांच में ये सच भी सामने आया कि शादी करने पहुंचा दूल्हा खुद अभी नाबालिग है।

जानकारी के मुताबिक, लड़का और लड़की दूर के रिश्तेदार हैं। पहले तो दोनों शादी के लिए मान गए थे, लेकिन लड़की के भाई और कुछ रिश्तेदार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। परिवार में मचे घमासान के बीच दुल्हन को उसके भाई शादी न करने के लिए मना ले गए। घर छोड़ने से पहले दुल्हन पक्ष ने हरियाणा में दूल्हे के घर फोन कर साफ कह दिया था कि बारात मत लाना।
दुल्हन वालों की चेतावनी को दूल्हे के परिवार ने गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने सोचा कि शायद सब ठीक हो जाएगा और वे हरियाणा से बारात लेकर भरतपुर पहुंच गए। बारात जब गांव पहुंची तो दुल्हन के घर पर कोई नहीं था। दुल्हन अपने भाइयों के साथ फरार हो चुकी थी।
मौके पर पहुंची चिकसाना पुलिस ने जब जांच शुरू की तो एक बड़ा सच सामने आया कि शादी करने पहुंचा दूल्हा अभी नाबालिग है। थाना प्रभारी ब्रजेश मीणा ने बताया कि लड़की के नाबालिग होने की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है क्योंकि परिजन घर पर नहीं हैं। पुलिस ने फिलहाल जांच शुरू कर दी है।
दूल्हा पक्ष अभी भी गांव में ही डेरा जमाए बैठा है। अब कल पंचायत बुलाई गई है। देखना ये है कि पंचायत इस अजीबोगरीब मामले में क्या फैसला लेती है। फिलहाल, नाबालिग शादी का मामला होने के कारण पुलिस भी पूरी सतर्कता बरत रही है।
पढ़ें ये खबरें
- युवक की आत्महत्या के मामले में मामा-मामी गिरफ्तार, खुद के पैसे मांगने पर दी थी रेप केस में फंसाने की धमकी
- एथेनॉल नीति पर कांग्रेस का हमला, अजय राय ने पीएम को लिखा पत्र
- जन्मदिन के दिन छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम: हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटकी मिली, सुसाइड नोट मिलने से मचा हड़कंप
- रायपुर में दर्दनाक हादसा: डैम में मछली पकड़ने गए युवक की डूबने से मौत
- उत्तराखंड में 28-29 जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा

