कतरास (धनबाद)। धनबाद के कतरास इलाके में एक बार फिर भू-धंसान की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार को छाताबाद के काजू बागान स्थित सतीबांध पांडेय तालाब के पास अचानक तेज आवाज हुई और देखते ही देखते जमीन में बड़ा गोफ बन गया। गोफ बनने के बाद तालाब का पानी भी उसमें जाने लगा।

अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। लोग मौके पर पहुंचे तो जमीन में बने गड्ढे को देखकर सहम गए।

15 से 20 फीट तक फैला गोफ

स्थानीय लोगों के अनुसार, भू-धंसान के बाद बने गोफ का दायरा करीब 15 से 20 फीट है। घटना काजू बागान से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई है।

जिस स्थान पर जमीन धंसी है, उसके आसपास घनी आबादी है। यहां करीब दो हजार से अधिक लोग रहते हैं। ऐसे में भू-धंसान की घटना ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

पहले भी होती रही हैं ऐसी घटनाएं

धनबाद का कोयलांचल इलाका लंबे समय से भू-धंसान और जमीन में गोफ बनने की घटनाओं को लेकर संवेदनशील रहा है। आए दिन अलग-अलग इलाकों से जमीन फटने और धंसने की खबरें सामने आती रहती हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र के पास इस तरह की घटना गंभीर खतरे का संकेत है। लोगों ने प्रशासन से मौके की जांच कराने और आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।