इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में जीआरपी कांस्टेबल पर दुष्कर्म, कपड़े फाड़ने और जहर देकर मारने का सनसनीखेज आरोप लगा है। पीड़िता ने इसकी शिकायत छोटी ग्वालटोली में करते हुए बताया कि GRP थाने में पदस्थ कांस्टेबल रितेश वर्मा ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दरिंदगी की। फिर उसे रास्ते से हटाने के लिए पानी में जहर मिलाकर दे दिया। वहीं कांस्टेबल ने युवती पर हनीट्रैप के आरोप भी लगाए हैं। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

28 वर्षीय पीड़िता गुना की रहने वाली है। उसने आरोप लगाया कि भूरी टेकरी जीआरपी क्वॉर्टर निवासी रितेश वर्मा ने पहले शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। जब युवती ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई तो आरोपी ने पहले ही कोर्ट से अग्रिम जमानत ले ली और पीड़िता पर राजीनामा करने का दबाव बनाने लगा। 

पीड़िता के मुताबिक, वह बीते 2 अगस्त को बस स्टैंड पर मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी कांस्टेबल आया और उसके साथ बदतमीजी करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। रितेश उसे एसपी ऑफिस परिसर ले गया जहां उसने युवती को पानी पिलाया। लेकिन जैसे ही उसने पानी पिया, वह बेसुध हो गई और उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वह गिर गई। वहां मौजूद कर्मचारियों ने फौरन युवती को अस्पताल पहुंचाया। 

स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पीड़िता ने कांस्टेबल रितेश शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल आरोपी फरार है। पुलिस ने उसके खिलाफ धमकाने और जान से मारने की नीयत से जहर देने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m