Odisha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा के बुजुर्गों के लिए एक बेहद सुखद खबर है। राज्य सरकार ने अपनी महत्वाकांक्षी और लोकप्रिय ‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना 2026-27’ (Baristha Nagarika Tirtha Yatra Yojana) के लिए नई गाइडलाइंस (मार्गदर्शिका) जारी कर दी है। इस योजना के तहत राज्य के वरिष्ठ नागरिकों को सरकारी खर्च और पूरी सहायता के साथ देश के विभिन्न प्रमुख धार्मिक और तीर्थस्थलों के दर्शन करने का अवसर मिलेगा।
भुवनेश्वर के पर्यटन भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान राज्य की उपमुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री प्रभाती परिडा ने इन दिशानिर्देशों का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि यह पहल बुजुर्गों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, ताकि उन्हें सुरक्षित, गरिमापूर्ण और सुलभ तीर्थयात्रा का अनुभव मिल सके।
पर्यटन विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इस साल योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने जा रही है। योग्य वरिष्ठ नागरिक 15 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक नागरिक सरकार के आधिकारिक पोर्टल yatra.odisha.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, निर्धारित ऑफलाइन प्रक्रिया के तहत भी फॉर्म जमा किए जा सकते हैं।
जानकारी से जुड़ी पात्रता, चयन प्रक्रिया और अन्य विवरण पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस योजना की शुरुआत से लेकर अब तक 45,555 से अधिक वरिष्ठ नागरिक इसका लाभ उठा चुके हैं और देश के विभिन्न पवित्र धार्मिक स्थलों की यात्रा कर चुके हैं ।
इस योजना को भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (IRCTC) के सहयोग से चलाया जाता है। यात्रा के दौरान बुजुर्गों के रहने, खाने-पीने, सुरक्षा, चिकित्सा सहायता और गाइड की सभी व्यवस्थाएं सरकार और आईआरसीटीसी द्वारा पूरी तरह निःशुल्क की जाती हैं।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पर्यटन विभाग के कमिश्नर सह सचिव बलवंत सिंह, पर्यटन निदेशक दीपांकर महापात्रा, और आईआरसीटीसी भुवनेश्वर के क्षेत्रीय अधिकारी अनुज दत्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

