अहमदाबाद। गुजरात में अपने सबसे मजबूत राजनीतिक किले को और मजबूत करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने नए रणनीतिक कदम उठाए हैं। राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग को गुजरात बीजेपी का नया प्रभारी नियुक्त करने के बाद, अब हाईकमान ने पार्टी को सांगठनिक रूप से और धार देने के लिए दो सह-प्रभारियों—अजय महावर और गोमती साय—की नियुक्ति की है।
गुजरात में आने वाले समय में राजनीतिक हलचलें और तेज होने वाली हैं। अगले महीने ही गांधीनगर नगर निगम (GMC) के चुनाव होने हैं, जो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आता है। वर्ष 2021 के चुनावों में बीजेपी ने गांधीनगर निगम की 44 में से 41 सीटों पर बंपर जीत हासिल की थी। ऐसे में इस गढ़ को बनाए रखने और आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों की नींव तैयार करने के लिए पार्टी ने तरुण चुग के नेतृत्व में यह नई टीम उतारी है।
जानिए कौन हैं दोनों नए सह-प्रभारी:
- अजय महावर: दिल्ली की घोंडा विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक अजय महावर वैश्य समुदाय से आते हैं। मूल रूप से राजस्थान के अलवर से ताल्लुक रखने वाले महावर का जन्म 19 जनवरी 1971 को साहिबगंज (झारखंड) में हुआ था। वह 2020 में पहली बार विधायक बने और 2025 के दिल्ली चुनाव में दोबारा निर्वाचित हुए। उन्हें शहरी राजनीति और चुनावी प्रबंधन का कुशल रणनीतिकार माना जाता है।
- गोमती साय: छत्तीसगढ़ की पत्थलगांव (ST) सीट से विधायक गोमती साय आदिवासी समुदाय का बड़ा और प्रमुख चेहरा हैं। 22 जून 1978 को जशपुर के मुंडाडीह गांव में जन्मीं गोमती साय 17वीं लोकसभा (2019-2024) में रायगढ़ सीट से सांसद रह चुकी हैं। बाद में पार्टी ने उन्हें छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में उतारा, जहां उन्होंने शानदार जीत दर्ज की।
गुजरात में तीन दशकों से बीजेपी का शासन है। वर्तमान में राज्य सरकार का नेतृत्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी कर रहे हैं, जबकि संगठन की कमान जगदीश विश्वकर्मा और लंबे समय से संगठन महामंत्री के रूप में कार्यरत रत्नाकर के हाथों में है। कांग्रेस की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए बीजेपी का यह नया सांगठनिक फेरबदल राज्य में पार्टी की पकड़ को और अभेद्य बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें


