गुजरात के जामनगर और राजकोट जिलों में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने बड़ी सख्त कार्रवाई की है। एक तरफ जामनगर में विभिन्न पुलिस थानों द्वारा जब्त की गई शराब की हजारों बोतलों पर रोड रोलर चलाया गया, तो वहीं राजकोट में अवैध देशी शराब की पैकिंग करने वाले एक हाईटेक नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि राज्य में शराबबंदी के नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

जामनगर में करोड़ों की शराब पर चला रोड रोलर

जामनगर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों के तहत जब्त की गई विदेशी शराब और बीयर के बड़े जखीरे को खुले मैदान में नष्ट कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पंचकोशी ए, पंचकोशी बी, सिक्का, कालावड और लालपुर थानों के अंतर्गत कुल 54,991 बोतलें जब्त की गई थीं, जिनकी कुल बाजार कीमत करीब दो करोड़ तीन लाख रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई आरटीओ कार्यालय के पास स्थित सरकारी भूमि पर न्यायालय की अनुमति के बाद पूरी की गई। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौजूद रही तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। अधिकारियों ने बताया कि यह कदम राजकोट रेंज के आईजी की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत उठाया गया है।

राजकोट में हाईटेक तरीके से हो रही थी देशी शराब की पैकिंग

दूसरी ओर, राजकोट शहर में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ एक अनोखे और हाईटेक मामले का खुलासा किया है। प्रिवेंशन ऑफ क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि मवड़ी मेन रोड पर स्थित एक रिहायशी मकान के अंदर अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर छापा मारकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी घर के अंदर इलेक्ट्रिक मशीन की मदद से देशी शराब को 200 एमएल के पाउच में पैक कर रहा था। मशीन के ऊपर एक बड़ी टंकी लगाई गई थी, जिससे शराब सीधे प्लास्टिक रोल के जरिए पाउच में पैक होकर बाहर निकलती थी। पुलिस ने मौके से 225 लीटर देशी शराब, पैकिंग मशीन और अन्य सामग्री जब्त की है, जिसकी कुल कीमत लगभग एक लाख पिंचानवे हजार रुपये है। पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें