मेहसाणा : गुजरात के मेहसाणा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कडी तहसील के थोल गांव में पिछले आठ दिनों से लापता एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची का कंकाल खेत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मौके से मिली खोपड़ी, बिखरी हड्डियों और पास में पड़े कपड़ों को देखकर परिजनों ने बच्ची की पहचान की। बच्ची की शिनाख्त होते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार, थोल गांव में रहने वाले एक मजदूर परिवार की 5 साल की बेटी आठ दिन पहले अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गई थी। परिजनों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने बावलू पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया। स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस टीमों और थोल अभयारण्य के आसपास के झाड़ियों व सुनसान इलाकों में डॉग स्क्वायड की मदद से लगातार छानबीन की गई, लेकिन आठ दिनों तक बच्ची का कोई पता नहीं चल सका।

इसी बीच, थोल इलाके के एक खेत में स्थानीय लोगों को इंसानी अवशेष पड़े दिखाई दिए, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों को खेत में खोपड़ी व हड्डियां बिखरी मिलीं। खोपड़ी के पास मिले कपड़ों से परिजनों ने स्पष्ट किया कि ये अवशेष उनकी ही बच्ची के हैं।

चूंकि यह क्षेत्र थोल वन्यजीव एवं पक्षी अभयारण्य के समीप स्थित है, इसलिए आशंका जताई जा रही है कि बच्ची किसी हिंसक जंगली जानवर या अजगर का शिकार हुई हो सकती है। हालांकि, पुलिस हत्या या अन्य संभावित साजिश के पहलुओं को भी खारिज नहीं कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से सभी अवशेषों और साक्ष्यों को कब्जे में लेकर फोरेंसिक (FSL) व डीएनए (DNA) जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही आधिकारिक पुष्टि होगी और मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें