संभल. राजनीतिक मंचों पर भाषण और मंत्री पद की जिम्मेदारियों के बीच उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी का अलग अंदाज देखने को मिला. चंदौसी में आयोजित गणेश उत्सव के धार्मिक कार्यक्रम में राधा-कृष्ण के भजन की धुन सुनकर वह खुद को रोक नहीं सकीं और कलाकारों के साथ मंच पर झूमने लगीं. उनका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

इसे भी पढ़ें- भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों ने…राम मंदिर चढ़ावा चोरी की 105 घटनाएं सामने पर अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा, जानिए ऐसा क्या कहा?

‘मेरे धन राधा’ भजन पर थिरकने लगीं मंत्री

वायरल वीडियो में गुलाब देवी ‘मेरे धन राधा, श्री राधा राधा’ भजन पर राधा-कृष्ण का स्वरूप धारण किए कलाकारों के साथ नृत्य करती दिखाई दे रही हैं. कलाकारों ने उनका हाथ थामकर उन्हें भी प्रस्तुति में शामिल किया. इस दौरान मंच पर पुष्पवर्षा भी हुई. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पूरे दृश्य को मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया.

गणेश पंडाल में पहुंची थीं गुलाब देवी

रिपोर्टों के मुताबिक यह कार्यक्रम चंदौसी के मोहल्ला साहूकारा स्थित गणेश पंडाल में रविवार को आयोजित हुआ था. गुलाब देवी यहां दर्शन के लिए पहुंची थीं. उस समय राधा-कृष्ण के स्वरूप में कलाकार भक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे थे. कलाकारों के आग्रह पर मंत्री मंच पर पहुंचीं और भजन की धुन पर उनके साथ नृत्य करने लगीं.

सोशल मीडिया पर वीडियो की चर्चा

मंत्री के कलाकारों के साथ नृत्य करने का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई. कार्यक्रम में मौजूद लोगों के मुताबिक उन्होंने मंत्री को इस अंदाज में पहली बार देखा. वीडियो में गुलाब देवी भक्ति भाव के साथ कलाकारों के बीच नजर आ रही हैं.

इसे भी पढ़ें- यूपी की 10 राज्यसभा और 11 MLC सीटों पर चुनाव का ऐलान, जानें कब होगा मतदान?

शिक्षिका से राजनीति तक पहुंचीं गुलाब देवी

गुलाब देवी चंदौसी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं और उत्तर प्रदेश सरकार में माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं. सार्वजनिक जीवन में वह धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में भी नजर आती रही हैं. चंदौसी में गणेश उत्सव से जुड़े कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी पहले भी सामने आई है.