लखनऊ. उत्तर प्रदेश में राज्यसभा और विधान परिषद की रिक्त होने वाली सीटों पर चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है. राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि विधान परिषद की 11 स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर 23 अक्टूबर को वोटिंग होगी. विधान परिषद चुनाव के नतीजे 27 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें- सिद्धार्थनगरः शादी की रात दूल्हा-दुल्हन की मौत, हत्या या आत्महत्या; जांच में जुटी पुलिस
राज्यसभा की 10 सीटों पर होगा चुनाव
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है. इनमें भाजपा के खाते की सात सीटों के अलावा डॉ. दिनेश शर्मा के इस्तीफे से खाली हुई सीट भी शामिल है. इसके अलावा सपा के रामगोपाल यादव और बसपा के रामलीलाल गौतम की सीट पर भी चुनाव होगा. संबंधित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होगी और 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे.
भाजपा के कई मौजूदा सांसदों का कार्यकाल पूरा
जिन भाजपा सदस्यों की सीटों पर चुनाव होना है, उनमें अरुण सिंह, गीता शाक्य, नीरज शेखर, बृजलाल, बीएल वर्मा, हरदीप सिंह पुरी और सीमा द्विवेदी शामिल हैं. डॉ. दिनेश शर्मा ने अंडमान और निकोबार के उपराज्यपाल बनाए जाने के बाद राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था. उनकी रिक्त सीट पर भी चुनाव कराया जाएगा.
MLC की 11 सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान
विधान परिषद की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा. ये सीटें मुख्य रूप से स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़ी हैं. चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक मतगणना 27 अक्टूबर को होगी और संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव प्रक्रिया के साथ आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है.
इसे भी पढ़ें- कर्मचारियों को सांता क्लॉज की टोपी पहनने के लिए मजबूर नहीं कर सकते, इलाहाबाद HC की सख्त टिप्पणी
भाजपा ने पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए
भाजपा ने फिलहाल पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं. लखनऊ-सीतापुर स्नातक सीट से अवनीश कुमार सिंह, आगरा स्नातक से डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट से डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, लखनऊ शिक्षक सीट से उमेश द्विवेदी और मेरठ शिक्षक सीट से श्रीचंद शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है. ये सभी मौजूदा MLC हैं. बाकी सीटों पर पार्टी उम्मीदवारों के नाम बाद में घोषित करेगी.



