सिद्धार्थनगर. सिद्धार्थनगर में शादी की रात दूल्हा-दुल्हन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई. आज यानी मंगलवार (22 सितंबर 2026) सुबह दोनों के शव कमरे में मिले. दुल्हन अनीता चौहान (22) लाल जोड़े में फर्श पर पड़ी थी, जबकि दूल्हा देशराज चौहान (24) का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सुबह दरवाजा खुला तो कमरे में मिलीं दोनों की लाशें
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है. मंगलवार सुबह करीब 7 बजे जब दूल्हे की मौसी मीनाक्षी बहू को जगाने पहुंचीं तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. दरवाजा खटखटाने पर खुल गया. कमरे के अंदर दोनों के शव देखकर वह चीख पड़ीं. आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और देशराज के शव को फंदे से नीचे उतारा.
सोमवार को मंदिर में लिए थे सात फेरे
देशराज और अनीता ने 21 सितंबर को बांसी के टेकधर बाबा मंदिर में शादी की थी. दोनों परिवारों ने करीब तीन महीने पहले रिश्ता तय किया था और शादी मई 2027 में प्रस्तावित थी. जुलाई में दोनों की सगाई भी हुई थी. बाद में अनीता के अचानक घर पहुंचने के बाद परिवारों ने शादी का फैसला पहले कर लिया.
रात 11 बजे तक चला था बहुभोज
शादी के बाद घर पर बहुभोज का कार्यक्रम हुआ, जो रात करीब 11 बजे तक चला. परिजनों के मुताबिक, दूल्हा-दुल्हन ने कार्यक्रम में डीजे पर डांस भी किया था. इसके बाद दोनों अपने कमरे में सोने चले गए. सुबह दोनों की लाशें मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
पति ने पत्नी की हत्या कर खुदकुशी की आशंका
पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि रात में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ होगा. इसके बाद हत्या और आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है. सीओ शिवेंदु सिंह ने कहा कि शादी के बाद पति-पत्नी के शव मिले हैं और जल्दबाजी में कुछ कहना ठीक नहीं होगा. दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं. रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी.



